#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वाल्टरगंज पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने भिटिया खुर्द गांव में छापेमारी कर अवैध खनन पकड़ा और मौके से एक जेसीबी तथा मिट्टी से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर सीज कर दिया है। थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस बल के साथ क्षेत्र में रात्रि गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम जब भिटिया खुर्द गांव पहुंची, तो वहां बड़े पैमाने पर मिट्टी का अवैध खनन होता मिला। पुलिस की आहट पाते ही जेसीबी और ट्रैक्टर चालक अपने वाहनों को छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पकड़े गए तीनों वाहनों को 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा करा दिया है। इस मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी और खनन अधिकारी को भेजी जा रही है। इसका उद्देश्य दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी और आर्थिक कार्रवाई सुनिश्चित करना है। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना रॉयल्टी और अनुमति के किया जाने वाला कोई भी खनन कार्य पूरी तरह प्रतिबंधित है और ऐसा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में अवैध खनन: जेसीबी, दो ट्रैक्टर जब्त:वाल्टरगंज पुलिस ने भिटिया खुर्द गांव से पकड़ा
RELATED ARTICLES












