Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती में गाय ने 7 दिन खेत में की परिक्रमा:लोगों ने माना...

श्रावस्ती में गाय ने 7 दिन खेत में की परिक्रमा:लोगों ने माना चमत्कार की पूजा पाठ, बीमारी निकली वजह, तीन दिन के इलाज से स्थिति सामान्य


श्रावस्ती जिले के गिलौला क्षेत्र के बसभरिया पुरैना गांव में एक गाय लगातार सात दिनों तक एक ही खेत में चक्कर लगाती रही। यह घटना ग्रामीणों के लिए कौतूहल का विषय बन गई। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे से शुरू हुई यह परिक्रमा 7 दिनों तक बिना रुके जारी रही, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग गांव पहुंचने लगे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे यह मामला पूरे जिले और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का विषय बन गया। कुछ ग्रामीणों ने इसे दैवीय संकेत मानकर गाय की पूजा-अर्चना भी शुरू कर दी। बढ़ती भीड़ के कारण मौके पर अव्यवस्था फैलने लगी। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस विभाग सक्रिय हुआ। आठवें दिन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने अनावश्यक भीड़ न लगाने के निर्देश दिए और गाय को हसनाभारी निवासी उसके मालिक को सौंप दिया। गाय मालिक ने बताया कि वे पहले भी अपनी गाय लेने आए थे, लेकिन भीड़ के कारण उन्हें गाय नहीं मिल पाई थी। तीन दिन पूर्व मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे। पशु चिकित्सकों ने गाय की गहन जांच की और बताया कि गाय ‘सर्रा (हाइपोग्लाइसीमिया)’ नामक बीमारी से पीड़ित थी। चिकित्सकों के अनुसार, इस बीमारी में पशुओं में असामान्य व्यवहार, घबराहट और लगातार घूमने जैसी समस्याएं देखी जाती हैं। इकौना क्षेत्र के पशु चिकित्सक (वेटरनरी फार्मासिस्ट) वीरेंद्र प्रताप ने बताया कि गाय का तीन दिनों तक उपचार किया गया। इलाज के दौरान उसे रिंनटोंज की चार बोतलें और बेर्निल सहित अन्य आवश्यक इंजेक्शन दिए गए। उपचार के बाद गाय की हालत में काफी सुधार हुआ है। अब गाय ने खेत में चक्कर लगाना बंद कर दिया है और सामान्य रूप से चारा-पानी भी ले रही है। पशु चिकित्सकों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे बीमार पशुओं को लेकर अफवाहों और अंधविश्वास से बचें। उन्होंने ऐसे मामलों में संवेदनशीलता दिखाने और बीमार पशुओं को तमाशा बनाने के बजाय समय पर उपचार कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। वर्तमान में गाय की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments