श्रावस्ती जिले के सिरसिया ब्लॉक क्षेत्र में शुक्रवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। शाम करीब पांच बजे झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिससे लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरे खिल उठे। पिछले लगभग तीन सप्ताह से बारिश न होने के कारण धान की फसल सूखने लगी थी। खेतों में जगह-जगह दरारें पड़ गई थीं और नमी की कमी से फसलें प्रभावित हो रही थीं। बारिश न होने से किसानों की चिंता लगातार बढ़ रही थी, उन्हें अपनी मेहनत और लागत बर्बाद होने का डर सता रहा था। शुक्रवार को हुई तेज बारिश से किसानों को बड़ी राहत मिली है। इस बारिश से धान की फसल को नया जीवन मिलने की उम्मीद जगी है। चंगहिया गांव निवासी किसान मैनुद्दीन ने बताया कि करीब पच्चीस दिनों से बारिश नहीं हुई थी। बारिश के अभाव में अधिकांश किसानों की धान की फसल सूखने लगी थी और खेतों में दरारें पड़ गई थीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब फसल को राहत मिलेगी। बन्ठिहवा गांव के किसान यार मोहम्मद के अनुसार, बारिश न होने के कारण किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए निजी साधनों का सहारा लेना पड़ रहा था। डीजल के बढ़ते दामों के चलते सिंचाई करना महंगा पड़ रहा था। अब बारिश होने से किसानों को सिंचाई खर्च में राहत मिलने की उम्मीद है। किसान राजू खान ने बताया कि लगातार तीन सप्ताह से बारिश न होने के कारण उमस और भीषण गर्मी से लोग परेशान थे। शुक्रवार शाम हुई झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है, जिससे मौसम सुहाना हो गया है। सिरसिया क्षेत्र में हुई इस बारिश से धान की फसल को नया जीवन मिलने की उम्मीद है। किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होती रही तो फसल की स्थिति और बेहतर हो सकती है।
श्रावस्ती के सिरसिया क्षेत्र में झमाझम बारिश:धान की सूखती फसल को मिला नया जीवन, किसानों को राहत
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!










