Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बुजुर्ग की मौत मामले में जेई समेत तीन पर केस:टूटी 11 केवी...

बुजुर्ग की मौत मामले में जेई समेत तीन पर केस:टूटी 11 केवी की लाइन से करंट लगने का लगा था आरोप

#बस्ती_न्यूज

बस्ती में बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) और दो संविदा लाइनमैन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर कप्तानगंज पुलिस ने 18 जून की रात की। मामला पिछले साल 2 नवंबर को चौखड़ा गांव में 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत से जुड़ा है। चौखड़ा गांव निवासी अशोक कुमार ने यह मुकदमा दर्ज कराया है। उनके अनुसार, उनके खेत में 11 केवी का विद्युत तार टूटकर गिर गया था। इसकी सूचना उपकेंद्र के जेई रजितराम को उनके सीयूजी नंबर पर दी गई थी। आरोप है कि जेई के निर्देश पर संविदा लाइनमैन विशाल उर्फ बंटी और योगेंद्र उनके घर पहुंचे। उन्होंने अशोक कुमार के पिता परशुराम चौधरी को उस स्थान पर चलने के लिए कहा जहां तार गिरा था। परिजनों का दावा है कि बुजुर्ग के मना करने के बावजूद उन्हें खेत तक ले जाया गया। घटनास्थल पर बिना शटडाउन लिए परशुराम चौधरी से टूटे हुए तार को पकड़कर हटाने के लिए कहा गया। जैसे ही उन्होंने तार को पकड़ा, वे करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों लाइनमैन वहां से चले गए। परिजनों के अनुसार, सूचना मिलने पर जब वे खेत पहुंचे, तब तक विद्युत आपूर्ति बंद हो चुकी थी। गंभीर हालत में परशुराम चौधरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों के आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने जेई रजितराम, संविदा लाइनमैन विशाल उर्फ बंटी और योगेंद्र के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। बिजली विभाग की आंतरिक जांच में भी लापरवाही के कारण मौत होने की पुष्टि हो चुकी है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments