HomeHealth & Fitnessबिजनौर जेल में नवनियुक्त अधीक्षक की नई कार्यशैली से व्यवस्थाओं में दिखा...

बिजनौर जेल में नवनियुक्त अधीक्षक की नई कार्यशैली से व्यवस्थाओं में दिखा सुधार

बिजनौर। जनपद बिजनौर में हाल ही में नियुक्त हुए जेल अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने अपनी सक्रिय एवं व्यवस्थित कार्यशैली के अनुरूप कार्य करना प्रारंभ कर दिया है। पदभार संभालते ही उन्होंने जेल प्रशासन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और बंदियों के लिए आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

जेल अधीक्षक ने बंदियों की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए बैरकों की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार कराने के निर्देश दिए हैं। उनका उद्देश्य जेल परिसर में स्वच्छ, सुरक्षित और अनुशासित वातावरण सुनिश्चित करना है, जिससे बंदियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

इसके साथ ही मुलाकात व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव किया गया है। पहले जहां बंदियों से मिलने आने वाले परिजनों को लंबा इंतजार करना पड़ता था और मुलाकात का समय दोपहर से शाम 4:30 बजे तक चलता था, वहीं अब इसे अधिक व्यवस्थित और सुगम बनाया गया है। नई व्यवस्था के तहत ऑनलाइन पर्ची प्रणाली लागू कर मुलाकात को दो पारियों में विभाजित किया गया है।

पहली पारी में सुबह 7 बजे से 9 बजे तक जारी पर्चियों के आधार पर मुलाकात 11 बजे तक पूरी कर ली जाती है, जबकि दूसरी पारी में 9 बजे से 11 बजे तक जारी पर्चियों की मुलाकात दोपहर 1 बजे से 1:30 बजे तक संपन्न कराई जाती है। इस नई व्यवस्था से न केवल मुलाकातियों को सुविधा मिल रही है, बल्कि जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली भी अधिक सुव्यवस्थित हुई है।

जेल अधीक्षक राजेश कुमार  सिंह ने बताया कि जेल में अनुशासन, पारदर्शिता और सुविधाओं के संतुलन को बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि बंदियों और उनके परिजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना उनकी प्राथमिकता है, ताकि जेल प्रशासन को अधिक मानवीय और प्रभावी बनाया जा सके। नई व्यवस्थाओं के लागू होने से जेल परिसर में सकारात्मक बदलाव दिखाई देने लगे हैं और बंदियों के साथ-साथ उनके परिजनों ने भी इस पहल की सराहना की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments