देवरिया। जिले में अवैध कच्ची शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग और बघौचघाट पुलिस ने गुरुवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की। मस्जिदिया उत्तर पट्टी मूसटोली में की गई दबिश के दौरान 53 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। मौके से करीब 200 किलोग्राम लहन भी बरामद हुई, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
यह कार्रवाई आबकारी निरीक्षक सदर सुधीर सिंह और बघौचघाट थानाध्यक्ष अनिल तिवारी के संयुक्त नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मंटू मंडल (48 वर्ष), रजपतिया (40 वर्ष), राजेश यादव (42 वर्ष) और रामलाल के रूप में हुई है। पुलिस व आबकारी विभाग ने चारों आरोपितों के विरुद्ध बघौचघाट थाने में उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
संयुक्त टीम में बघौचघाट पुलिस के साथ आबकारी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कच्ची शराब के पूर्ण उन्मूलन तक ऐसे अभियान तेज किए जाएंगे।












