बिजनौर। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं जिलाधिकारी जसजीत कौर के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार को कांवड़ मार्ग पर स्थित होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट एवं कांवड़ सेवा शिविरों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान संचालकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण में भोजन तैयार कर श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराने, हैंडवॉश की समुचित व्यवस्था रखने, परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा खाद्य पदार्थों के सुरक्षित संग्रहण के लिए उचित तापमान बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रतिष्ठानों पर रेट लिस्ट एवं फूड लाइसेंस को प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने तथा ढक्कनयुक्त कूड़ेदान का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए भी कहा गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आमजन की सुविधा के लिए ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट’ ऐप की जानकारी भी प्रतिष्ठानों पर चस्पा कराई, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत तत्काल दर्ज कराई जा सके। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा।












