नई दिल्ली। ईरान और इजरायल के बीच फिर भड़के सैन्य संघर्ष के बीच भारत सरकार ने अपने नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। ईरान में भारतीय दूतावास ने सभी भारतीयों को फिलहाल ईरान की यात्रा से बचने की सलाह दी है। साथ ही वहां मौजूद भारतीय नागरिकों से उपलब्ध परिवहन साधनों का उपयोग कर जल्द से जल्द देश छोड़ने को कहा गया है।
दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में कहा कि क्षेत्र में तेजी से बदलते सुरक्षा हालात को देखते हुए पहले जारी परामर्श को दोहराया जा रहा है। भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की भी सलाह दी गई है।
इस बीच ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के अनुसार, तेहरान के मेहराबाद हवाई अड्डे पर उड़ान सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं, जबकि ईरान के पश्चिमी हवाई क्षेत्र को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। दूसरी ओर इजरायल ने भी तेल अवीव स्थित बेन गुरियन हवाई अड्डे पर सुरक्षा प्रतिबंध और कड़े कर दिए हैं।तनाव उस समय और बढ़ गया जब लेबनान में हिज्बुल्लाह पर इजरायली कार्रवाई के जवाब में ईरान ने रविवार रात इजरायल के कई क्षेत्रों पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। जवाबी कार्रवाई में इजरायल ने ईरान के खुजेस्तान प्रांत स्थित माहशहर क्षेत्र की कारून पेट्रोकेमिकल कंपनी समेत कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। ईरानी मीडिया के मुताबिक इन हमलों में औद्योगिक प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान पहुंचा है।
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसने इजरायल के रमत डेविड एयरबेस पर मिसाइल हमला किया। वहीं इजरायली रक्षा बल (आईडीएफ) ने सोमवार तड़के पश्चिमी और मध्य ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले करने की पुष्टि की है।
तेहरान में सोमवार सुबह दो जोरदार धमाकों की आवाजें भी सुनी गईं, हालांकि ईरानी अधिकारियों ने किसी रिहायशी इलाके में बड़े विस्फोट की पुष्टि नहीं की है। लगातार हो रहे हमलों और जवाबी कार्रवाइयों के कारण पूरे क्षेत्र में सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं और अंतरराष्ट्रीय समुदाय हालात पर नजर बनाए हुए है।
ईरान-इजरायल तनाव बढ़ा, भारत ने जारी की नई एडवाइजरी, यात्रा न करने की दी सलाह
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Home
on Hello world!












