लखनऊ। गोमतीनगर स्थित सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल को कम्युनिटी कोलैबोरेशन श्रेणी में दुनिया के शीर्ष 10 स्कूलों में स्थान मिला है। टी-4 एजुकेशन की ओर से स्कूल को इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वैश्विक स्तर पर इसे बड़ी उपलब्धि करार देते हुए स्कूल ने स्टूडेंट्स के मानसिक स्वास्थ्य, आत्म-चिंतन और समग्र विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को मूल आधार बताया है।
यह जानकारी स्कूल की संस्थापक और वाइस चेयरपर्सन अंजलि जयपुरिया ने दी। उन्होंने बताया कि स्कूल में प्रतिदिन चार बार ‘साइलेंस टाइम’ आयोजित किया जाता है, जिससे छात्रों में एकाग्रता, भावनात्मक संतुलन और सकारात्मक सोच का विकास होता है। प्रधानाचार्य प्रोमिनी चोपड़ा ने कहा कि संस्थान तीन दशकों से शिक्षा के साथ-साथ छात्रों के शारीरिक, भावनात्मक, बौद्धिक, मनोवैज्ञानिक और आध्यात्मिक विकास पर विशेष ध्यान दे रहा है। स्कूल के परीक्षा परिणाम लगातार राष्ट्रीय औसत से बेहतर रहे हैं।
स्कूल की सामुदायिक पहुंच ‘नवसृजन’ पहल के माध्यम से होती है। यह एनआईओएस बोर्ड से संबद्ध अंग्रेजी माध्यम का निशुल्क विद्यालय है, जहां किंडरगार्टन से 10वीं कक्षा तक शिक्षा दी जाती है। इसकी शुरुआत वर्ष 2010 में हुई थी, जब उत्तर प्रदेश में ईडब्ल्यूएस प्रवेश अनिवार्य भी नहीं था। इस अवसर पर वैज्ञानिक डॉ. सीएम नौटियाल और प्रो. विनोद सोलंकी भी मौजूद रहीं।












