HomeHealth & Fitnessतेज बारिश-आंधी में बड़ा हादसा, कमजोर बाउंड्री वॉल गिरने से मजदूरों पर...

तेज बारिश-आंधी में बड़ा हादसा, कमजोर बाउंड्री वॉल गिरने से मजदूरों पर टूटा कहर

 रायगढ़ । छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गुरुवार शाम हुई तेज आंधी, तूफान और बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। लाखा ग्राम पंचायत अंतर्गत आश्रित ग्राम चिराईपानी स्थित महालक्ष्मी कास्टिंग प्लांट की बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर घायल हो गए।

पूंजीपथरा थाना पुलिस से आज शुक्रवार सुबह प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओम रूपेश उद्योग और महालक्ष्मी उद्योग के बीच बनी बाउंड्रीवॉल के समीप कुछ मजदूर झोपड़ी बनाकर निवास कर रहे थे।

गुरुवार शाम करीब छह बजे मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान बाउंड्रीवॉल मजदूरों की झोपड़ी पर गिर गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों द्वारा जेसीबी मशीन की मदद से मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया।

गंभीर रूप से घायल महिला मजदूर रंभा प्रधान को अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। वहीं दो अन्य घायल मजदूरों को उपचार के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि महालक्ष्मी कास्टिंग प्लांट की बाउंड्री वॉल पहले से कमजोर थी और इसकी जानकारी कंपनी प्रबंधन को भी थी। बावजूद इसके समय पर मरम्मत और सुरक्षा संबंधी आवश्यक कदम नहीं उठाए गए। ग्रामीणों का कहना है कि प्रबंधन की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था में चूक के कारण यह दुखद हादसा हुआ।

प्राथमिक जानकारी में मृतका के गर्भवती होने की बात भी सामने आई है, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस बाउंड्रीवॉल गिरने के कारणों तथा सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही की जांच कर रही है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments