लखनऊ । राजधानी के मलिहाबाद क्षेत्र में जमीन हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लखनऊ पुलिस की मलिहाबाद थाना टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, 17 जनवरी को एक महिला की तहरीर पर थाना मलिहाबाद में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी नईम अहमद उर्फ मोहम्मद नईम ने अपने साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित साजिश रची और जमीन के कागजात में हेरफेर कर उसे अपने नाम करा लिया।यह मामला मलिहाबाद के ग्राम किठाईपारा स्थित गाटा संख्या 266स (करीब 0.498 हेक्टेयर) भूमि से जुड़ा है। जांच में पता चला कि इस जमीन के असली मालिक राजकुमार सिंह काफी समय से लापता हैं, जबकि सहखातेदार जीनत मुकीद की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। इन परिस्थितियों का फायदा उठाकर आरोपी ने फर्जी लोगों को खड़ा कर रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली।
फर्जी रजिस्ट्री और कब्जे की कोशिश
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि रजिस्ट्री के दौरान दिखाया गया भुगतान भी पूरी तरह वास्तविक नहीं था। आरोपी ने जानबूझकर गलत जानकारी देकर फर्जी विक्रय विलेख तैयार कराया और बाद में जमीन पर कब्जा करने की कोशिश भी की। इतना ही नहीं, वादिनी को डराने-धमकाने का भी प्रयास किया गया।पुलिस ने मुख्य आरोपी नईम अहमद (उम्र करीब 55 वर्ष), निवासी कसमण्डी कला, थाना मलिहाबाद को 20 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म भी स्वीकार कर लिया है।जांच में यह भी पता चला कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी एक मामला दर्ज है, जो बिजली चोरी (विद्युत अधिनियम) से जुड़ा हुआ है।
इस मामले में थाना मलिहाबाद में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।इस कार्रवाई को थाना मलिहाबाद की टीम ने अंजाम दिया, जिसमें उपनिरीक्षक विवेक कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।












