बहराइच। मटेरा पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज किया है। यह कार्रवाई देर रात छापेमारी के दौरान की गई, जिसमें अवैध रूप से चल रहे खनन कार्य का भंडाफोड़ हुआ। पुलिस को अंमवा मौलवी और सखौली गांव के बीच लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन की सूचना मिल रही थी। मुखबिर से मिली सटीक जानकारी के आधार पर थानाध्यक्ष हरकेश सिंह ने एक पुलिस टीम का गठन किया और देर रात मौके पर छापा मारा। पुलिस टीम के पहुंचते ही खनन कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान, अवैध खनन में इस्तेमाल की जा रही चार मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर मटेरा थाने में सीज कर दिया गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जब्त की गई एक मशीन शंकरपुर चौराहा निवासी उमर की बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन गतिविधियों से न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा था, बल्कि पर्यावरण पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध खनन माफियाओं के लिए एक सख्त चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है। थानाध्यक्ष हरकेश सिंह ने बताया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और राजस्व विभाग इस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रहे हैं।
मटेरा पुलिस ने अवैध खनन पर की कार्रवाई:चार मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज, शंकरपुर चौराहा से पकड़ी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












