Home Blog Page 8

तीन राज्यों में भाजपा की जीत:मुंडेरवा में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर मनाया जश्न

#बस्ती_न्यूज

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तीन राज्यों में प्रचंड बहुमत से सरकार बनने की खुशी में मंगलवार को मुंडेरवा में जश्न मनाया गया। मुंडेरवा सुगरमिल चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश मंडल अध्यक्ष सर्वजीत भारती की अगुवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए और पूरे उत्साह के साथ विजय का उत्सव मनाया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं में जीत को लेकर जबरदस्त जोश देखने को मिला। मंडल अध्यक्ष ने कहा- परिणाम जनता के अटूट विश्वास हैं इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सर्वजीत भारती और जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सुरेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव परिणाम देश की जनता के अटूट विश्वास को दर्शाते हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण भाजपा को यह ऐतिहासिक विजय मिली है। उन्होंने असम और बंगाल जैसे राज्यों में पार्टी की बढ़ती मजबूती को गर्व का विषय बताया। विशेष रूप से, असम के प्रभारी पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के नेतृत्व को बस्ती जनपद के लिए गौरवपूर्ण बताया गया। इस जश्न में रोशन जायसवाल, मनोनीत सभासद प्रतिनिधि अजय मोदनवाल, मनोनीत सभासद अनिल शुक्ल, अशोक मिश्र, विजय रंजन त्रिपाठी, रामकेश चौधरी, मीडिया प्रभारी सतीश द्विवेदी, अमित जायसवाल, श्रवण अग्रहरि, मनीष अग्रहरि, सत्यप्रकाश जायसवाल सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

गाडिय़ां रिपेयरिंग में बालकों से लिया जा रहा था काम, तीन लोगों पर केस दर्ज

जोधपुर। कमिश्ररेट के जिला पूर्व में उदयमंदिर और सदर बाजार पुलिस ने जेजे एक्ट की दो कार्रवाई कर तीन लोगों को नामजद किया। उनकी दुकानों पर लगे बालकों को बालश्रम मुक्त करवा चाइल्ड हैल्प लाइन के जरिए सुधार गृह भिजवाया गया।

उदयमंदिर पुलिस थाने के एसआई अमरसिंह ने थाना क्षेत्र में भाटी मोटर सेंटर एण्ड सर्विस बाइक रिपेयरिंग और आरडिया इलेक्ट्रानिक ई व्हीकल पर कार्रवाई की। जहां पर बालकों से श्रम करवाया जा रहा था।

वहां से बालकों का मुक्त कराने के साथ नैनी बाई का मंदिर के पास रहने वाले फिरोज खां और जटिया कॉलोनी निवासी रमेश के खिलाफ जेजे एक्ट में प्रकरण बनाया गया।

इसी तरह सदर बाजार थाने के एसआई गंगाराम ने बाईजी का तालाब क्षेत्र में गुलाम मुस्तफा के खिलाफ जेजे एक्ट का प्रकरण बनाया।

वह भी अपनी दुकान में बालक से श्रम करवाता पाया गया। बाद में बच्चों को चाइल्ड हैल्प के समक्ष पेश किया गया जहां से सुधार गृह भिजवाया गया।

 

‘मैं अगला टारगेट हूं’, राष्ट्रपति मुर्मू से मिलकर राघव चड्ढा ने मांगी सुरक्षा

राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने कहा है कि वह पंजाब सरकार का अगला निशाना हैं। मंगलवार को आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पर ‘प्रतिशोध की राजनीति’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने हाल में पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल होने वाले सांसदों को निशाना बनाने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने यह दावा आम आदमी पार्टी के पूर्व सांसद और पार्टी संगठन महासचिव संदीप पाठक के घर पंजाब पुलिस की छापेमारी के बाद किया है। मगर, पाठक पंजाब पुलिस से बचते हुए घर के पीछे के रास्ते भाग निकले थे।

राघव चड्ढा ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि हाल ही में बीजेपी में शामिल हुए सांसदों को निशाना बनाने के लिए पंजाब की सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है। हाल ही में चड्ढा के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के 7 सांसद बीजेपी में शामिल हो गए थे।

यह भी पढ़ें: जिस किताब पर SC ने बैन लगाया था, क्या बदलकर उसे जारी कर रही NCERT?

संविधान के तहत सुरक्षा देने का भरोसा

चड्ढा ने तीन अन्य सांसदों के साथ मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। संदीप पाठक भी इसमें शामिल थे। तीनों ने राष्ट्रपति को एक ज्ञापन दिया, जिसमें उन्होंने ‘आप’ से बाहर निकलने के बाद उनके खिलाफ उत्पीड़न और राजनीतिक रूप से प्रेरित कार्रवाई का आरोप लगाया। संदीप पाठक ने कहा, ‘हमने राष्ट्रपति को मौजूदा स्थिति के बारे में बताया, और उन्होंने हमें संविधान के तहत सुरक्षा देने का भरोसा दिया।’

चड्ढा ने बैठक के बाद क्या कहा?

चड्ढा ने मुर्मू के साथ बैठक के बाद कहा, ‘आम आदमी पार्टी से असहमति जताने का अपना संवैधानिक अधिकार प्रयोग करने वाले सभी सांसदों, जिन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया, उनके संबंध में और इन सभी घटनाओं व घटनाक्रमों को आज राष्ट्रपति के सामने प्रस्तुत किया गया है। मैं आम आदमी पार्टी को यह भी बताना चाहता हूं कि जब तक हम आज्ञाकारी रहे, हमें संस्कारी माना गया। जैसे ही हमने पार्टी छोड़ी, हमें भ्रष्ट करार दे दिया गया।’

उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी में शामिल हुए कई पूर्व आप सांसदों को राज्य एजेंसियों द्वारा धमकाया और दबाव डाला जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘आम आदमी पार्टी, जो दूसरों पर बदले की राजनीति का आरोप लगाती है, आज खुद खतरनाक प्रतिशोध की राजनीति में लिप्त है। 24 अप्रैल को जब हम आप छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए तब से हमारे सांसदों को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया जा रहा है और उन्हें परेशान किया जा रहा है।’

यह भी पढ़ें: प्रदर्शन न जनाधार फिर भी इन नेताओं को राज्यों की कमान क्यों सौंपती है कांग्रेस?

हरभजन सिंह का दिया हवाला

चड्ढा ने उदाहरण देते हुए दावा किया कि पूर्व क्रिकेटर और सांसद हरभजन सिंह पर हमला किया गया है, जबकि उद्योगपति और सांसद राजेंद्र गुप्ता के व्यावसायिक कार्यों में कथित तौर पर बाधा डाली गई है। उन्होंने कहा कि हमने 24 अप्रैल, 2026 को आम आदमी पार्टी छोड़ दी और बीजेपी में शामिल हो गए। तब से हमारे सांसदों को परेशान किया जा रहा है। सबसे पहले, विश्व कप विजेता क्रिकेटर हरभजन सिंह के घर के बाहर गद्दार लिखा गया। पंजाब पुलिस की मदद से उनके आवास पर कथित तौर पर पत्थर फेंके गए और उनके परिवार को निशाना बनाकर अपमानजनक नारे लगाए गए।

FIR और नोटिस बेबुनियाद हैं- चढ्ढा

उन्होंने कहा, ‘हमारे साथी राजेंद्र गुप्ता, जो पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित हैं और पंजाब के मालवा क्षेत्र में एक बड़ी फैक्टरी चलाते हैं जिससे लगभग 30,000 लोगों को आजीविका मिलती है, उनकी फैक्टरी को निशाना बनाया गया। पंजाब सरकार ने कथित तौर पर उनकी पानी की आपूर्ति काट दी और प्रदूषण बोर्ड ने फैक्टरी को बंद करने की कार्रवाई शुरू करने के लिए छापे मारे।’ उन्होंने दावा किया कि सांसद संदीप पाठक के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं।

चड्ढा ने कहा, ‘ये FIR और नोटिस इतने बेबुनियाद हैं कि कागज पर लिखे होने के भी लायक नहीं हैं। कोर्ट इन्हें खारिज कर देगा।’ उन्होंने आप के नेतृत्व वाली सरकार को चेतावनी दी कि ऐसे कार्यों के गंभीर परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रतिशोध के लिए सतर्कता विभाग, प्रदूषण बोर्ड और पुलिस का इस्तेमाल करना एक खतरनाक खेल है। आपने भले ही इसकी शुरुआत की हो, लेकिन इसका अंत अच्छा नहीं होगा। इसे रोकना होगा।


कप्तानगंज में मेधावी छात्रों को मिला सम्मान:शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए 5 हजार रुपए व शील्ड से सम्मानित किया गया

#बस्ती_न्यूज

बस्ती जिले के कप्तानगंज स्थित इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज में 5 मई 2026 को स्व. श्री उदयभान सिंह जी उत्कृष्टता पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में हाई स्कूल परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। स्वर्गीय उदयभान सिंह के सुपुत्र नरपति सिंह और उनके परिवार के सदस्यों, जिनमें रवि सिंह, मनीष सिंह, राजयदीप सिंह, विवेक सिंह और आयुष सिंह शामिल थे, ने मेधावी छात्रों को 5000 रुपये की प्रोत्साहन राशि, किताबें और शील्ड प्रदान की। दसवीं कक्षा में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली आंचल (पुत्री अवधेश) और 88 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले अवधेश कुमार (पुत्र गौरी शंकर) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने विद्यालय का नाम रोशन किया। नरपति नारायण सिंह ने बताया कि यह पुरस्कार स्व. उदयभान सिंह जी की स्मृति में प्रतिवर्ष मेधावी छात्रों को दिया जाता है। इसका उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि उनके पिता की इच्छा थी कि क्षेत्र के बच्चे आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करें। सम्मान पाकर आंचल ने इसे गर्व का क्षण बताया, वहीं अवधेश कुमार ने यूपीएससी की तैयारी करने की बात कही। इस अवसर पर प्रधानाचार्य राम सहाय ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के पुरस्कार छात्रों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ाते हैं। कार्यक्रम में शिक्षक पद्मपाणि पाठक, जमुना प्रसाद त्रिपाठी और संस्था के प्रबंधक राकेश मणि त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज के प्रबंधक राकेश त्रिपाठी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों का मनोबल बढ़ता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जहां लोग अपने बच्चों को निजी स्कूलों में भेज रहे हैं, वहीं सरकारी संस्थानों में भी बच्चे पढ़कर आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस विद्यालय से निकले 1000 से अधिक बच्चे बड़े पदों पर कार्यरत हैं, जिनमें आईएएस जैसे पद भी शामिल हैं।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

श्रावस्ती में टूटी हाईटेंशन लाइन से किसान की मौत:4 दिन से गिरी लाइन, ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया


श्रावस्ती में मंगलवार को एक किसान की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। किसान साइकिल से कहीं जाने के लिए घर से निकले थे और रास्ते में खेत में जमीन पर गिरी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। मृतक की पहचान प्रह्लादा गांव निवासी बंसराज पुत्र हग्गन के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही किसान साइकिल सहित गिरी हुई हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आए, उन्हें तेज करंट लगा और घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई। और वह हाई टेंशन लाइन से ही लिपटे रह गए। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह हाईटेंशन लाइन पिछले चार दिनों से खेत में टूटी पड़ी थी। कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई, लेकिन किसी ने इस पर संज्ञान नहीं लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि तेज चल रही तेज हवाओं के कारण हाटेंशन लाइन टूटकर नीचे गिर गई थी, जिससे यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को इस हादसे का जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते टूटी हुई बिजली लाइन की मरम्मत कर दी जाती, तो एक निर्दोष किसान की जान बचाई जा सकती थी।

जेठ के पहले मंगलवार पर विशाल भंडारे का आयोजन:बहराइच में रामनगर सेमरा नानपारा सहित ग्रामीण इलाकों में भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद


जेठ मास के पहले मंगलवार को रामनगर सेमरा नानपारा सहित ग्रामीण इलाकों में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इन भंडारों में सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। कस्बे के काली मंदिर में विशेष रूप से पूजा-अर्चना और हवन के साथ एक विशाल भंडारा आयोजित किया गया। इसी क्रम में, सर्राफा व्यवसायी रजीत गुप्ता के आवास पर भी भंडारे का आयोजन किया गया, जहां सुंदरकांड का पाठ हुआ। इस अवसर पर आशीष गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, अरविंद सोनी, रंजीत गुप्ता, धर्मेंद्र पटवा, सरोज जयसवाल और अनिलकुमार यज्ञ सैनिक सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

बस्ती के रुधौली में हनुमान कीर्तन, भंडारे का आयोजन:ज्येष्ठ के पहले मंगलवार पर सैकड़ों श्रद्धालु हुए शामिल

#बस्ती_न्यूज

बस्ती। जनपद बस्ती के नगर पंचायत रुधौली स्थित भानपुर रोड क्षेत्र में ज्येष्ठ मास के प्रथम मंगलवार को पवन पुत्र हनुमान जी के कीर्तन, पूजा-पाठ और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्य आयोजक रमेश कुमार गुप्ता ने किया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में हनुमान जी के भजनों और कीर्तन की गूंज सुनाई दी। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। कीर्तन और पूजा के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बूंदी, छोले-चावल सहित विभिन्न प्रकार के प्रसाद का वितरण किया गया, जिसे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया। मुख्य आयोजक रमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि यह आयोजन क्षेत्र के सभी लोगों के सहयोग से संपन्न हुआ है। उन्होंने कहा, “यह कार्यक्रम सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि हम सबका है। इसमें हर व्यक्ति की भागीदारी और सहयोग है, यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।” इस अवसर पर सनी मोदनवाल, राजेश जायसवाल, राजेश गुप्ता, पंकजेश्वर मणि त्रिपाठी, नरेंद्र पांडे, राकेश मौर्य, मोनू मोदनवाल, अमित यादव, नटवर पेंटर, शुभम, दीपक गुप्ता, गोपाल पांडे, संजय, अंकित मोदनवाल, डॉ. अरविंद वर्मा, अश्वनी मिश्रा, जयप्रकाश जायसवाल और अखिलेश सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रकार के आयोजनों से धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में एकता और सेवा भाव को भी बढ़ावा मिलता है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार से बढ़कर 18 हजार:सीएम योगी ने गोरखपुर से किया ऐलान, श्रावस्ती में सम्मान समारोह


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षामित्रों का मासिक मानदेय 10,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये करने की घोषणा की है। उन्होंने गोरखपुर में आयोजित शिक्षामित्र सम्मान समारोह में इस वृद्धि का प्रतीकात्मक चेक भी सौंपा। इसी क्रम में श्रावस्ती जनपद के तथागत हाल में भी शिक्षामित्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया। श्रावस्ती में कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र, जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद और अपर जिलाधिकारी अमरेन्द्र कुमार वर्मा ने दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। समारोह में जनपद के उत्कृष्ट शिक्षामित्रों को प्रशस्ति पत्र और डेमो चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री के गोरखपुर से आयोजित समारोह का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और शिक्षामित्रों ने देखा।

स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जबकि विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी का अतिथियों ने अवलोकन किया। अपने संबोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र ने मुख्यमंत्री की इस पहल को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के लाखों शिक्षामित्रों को सीधा लाभ मिलेगा और उनके जीवन स्तर में सुधार होगा। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने शिक्षामित्रों को बधाई देते हुए कहा कि श्रावस्ती एक आकांक्षी जनपद है, जहां शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने में शिक्षामित्रों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षामित्रों से बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

मजदूरी करने जा रहे दो श्रमिकों की सड़क हादसे में मौत, एक गंभीर

गिरिडीह। बिरनी थाना इलाके के रांची -दुमका मुख्य मार्ग में मंगलवार को मजदूरी करने पैदल जा रहे तीन मजदूरों को तेज रफ्तार पिकउप वैन ने रौंद दिया। इसमें दो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।

मृतकों की पहचान बिरनी के जितकुंडी निवासी वासुदेव साव ( 55 ) और लखिया देवी ( 57 ) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल की पहचान गनपत साव ( 58 ) के रूप में हुई है।

सभी पैदल अपने घर से माखमरगो जा रहे थे तभी सरिया की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन ने तीनों को टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया।

स्थानीय ग्रामीणों ने मदद की पहल की और सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनी ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक की हालत गंभीर देखते हुए उसे रेफर कर दिया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने उक्त वाहन को जितकुंडी में अपने कब्जे में ले रखा है। सूचना मिलने पर बिरनी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

 

खुनियांव में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जीत का जश्न:विभिन्न राज्यों में पार्टी की सफलता पर बांटी मिठाई


मंगलवार को खुनियांव क्षेत्र के मझोवा चौराहा पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न राज्यों में पार्टी की जीत पर उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी सहित कई राज्यों में भाजपा को मिली सफलता से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और जीत की बधाई दी। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के पक्ष में नारे लगाए। उन्होंने इन जीतों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और संगठन की कड़ी मेहनत का परिणाम बताया। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि देश की जनता भाजपा की विकासवादी सोच और जनहितकारी योजनाओं पर लगातार भरोसा जता रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में मिली सफलता यह दर्शाती है कि जनता अब स्थिर और मजबूत नेतृत्व चाहती है। पांडेय ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में भी भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। कार्यकर्ताओं ने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे पार्टी के प्रति जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राजेंद्र दूबे, अरुण द्विवेदी, शिवजी तिवारी, सुधीर पाठक, सुनील पांडेय, शिवा गौतम, जनार्दन प्रसाद त्रिपाठी, अरुण गौंड, धर्मेंद्र मौर्य, हरिनारायण उपाध्याय और मनोज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

श्रावस्ती में नासिरगंज-लक्ष्मणपुर पुल जर्जर:बाढ़ से खतरा बढ़ा, ग्रामीण मरम्मत की मांग कर रहे


श्रावस्ती के नासिरगंज और लक्ष्मणपुर सेमरहानियां सहित दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला मुख्य पुल जर्जर हालत में है। हर साल आने वाली बाढ़ के कारण इस बार भी पुल पर खतरा मंडरा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2017 की बाढ़ में पुल के दाहिने किनारे की सुरक्षा दीवार (पंखी) गिर गई थी। तब से इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। इससे बाढ़ का पानी दाहिनी ओर से तेजी से आता है, जिससे पुल की नींव कमजोर होने का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा, पुल के बाईं ओर पुल के भीतर ही एक बड़ा पीपल का पेड़ उग आया है। यह पेड़ धीरे-धीरे पुल की संरचना को नुकसान पहुंचा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय निवासी रामकिशन यादव ने बताया कि यह पुल उनके गांवों को जोड़ने का एकमात्र रास्ता है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि यदि यह क्षतिग्रस्त हो गया तो आवागमन पूरी तरह ठप हो जाएगा। शकील अहमद ने कहा कि हर साल बाढ़ में पानी का दबाव बढ़ता है, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। मुन्ना लाल ने बताया कि पुल की पंखी गिरने के बाद से मरम्मत नहीं हुई है और अब पेड़ उगने से खतरा और बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पुल की मरम्मत कराने, सुरक्षा दीवार का निर्माण कराने और उगे हुए पेड़ को हटाने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

राप्ती किनारे बसे 11 गांवों पर खतरा:मानसून से पहले तटबंध निर्माण की मांग, नदी की भीं सफाई हो


मानसून के आगमन से पहले राप्ती नदी के किनारे बसे 11 गांवों के लोगों की चिंता बढ़ गई है। वर्ष 2025 की बाढ़ और कटान का दंश झेल चुके कथरामाफी, घाटेपुरवा और वीरपुर समेत कई गांव एक बार फिर संभावित खतरे की जद में हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी की मुख्य धारा में जमी रेत और झाड़ियों की सफाई कराने तथा कथरामाफी से मधवापुर घाट तक लगभग पांच किलोमीटर लंबे तटबंध के निर्माण की मांग की है। नेपाल से निकलकर तराई क्षेत्र में प्रवेश करने वाली राप्ती नदी ने पिछले वर्ष जमुनहा तहसील क्षेत्र में भारी तबाही मचाई थी। सैकड़ों बीघा फसलें नदी में समा गई थीं, जबकि 40 बीघा से अधिक बाग भी कटान की चपेट में आ गए थे। भिनगा-मल्हीपुर मार्ग भी नदी की तेज धारा से क्षतिग्रस्त हो गया था, जो अब तक पूरी तरह ठीक नहीं हो सका है। कटान रोकने के लिए पिछले वर्ष घाटेपुरवा के पास बांस के पिंजरों में बोरी भरकर अस्थायी उपाय किए गए थे, लेकिन वे भी नदी की तेज धारा में बह गए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि कथरामाफी से मधवापुर घाट तक तटबंध बना दिया जाए, तो घाटेपुरवा, कथरामाफी, वीरपुर, हसनापुर, बरंगा, सलारूपुरवा, लौकिहा प्रथम, लौकिहा द्वितीय, लौकिहा तृतीय, शिकारी चौड़ा और हरिहरपुर जैसे गांव सुरक्षित हो सकते हैं। ग्रामीण राधेश्याम यादव ने बताया कि हर साल कटान का खतरा बना रहता है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। वहीं वीरपुर निवासी भल्लर ने कहा कि बाढ़ का पानी मल्हीपुर स्थित जमुनहा ब्लॉक, तहसील कार्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंच जाता है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होता है। ग्रामीणों ने यह भी मांग की है कि नदी की धारा में जमी रेत और झाड़ियों को हटाया जाए, क्योंकि इनके कारण पानी किनारों की ओर मुड़कर कटान को बढ़ावा देता है। उनका कहना है कि अन्य क्षेत्रों की तरह यहां भी मजबूत तटबंध और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की सख्त जरूरत है।

24 घंटे में आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली से 24 लोगों की मौत, आर्थिक मदद की घोषणा

पटना। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में सोमवार शाम से देर रात तक तेज आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में 07 बच्चों समेत कुल 24 लोगों की मौत हो गई।

मौसम विभाग ने अगले 48 से 72 घंटे बेहद संवेदनशील बताए हैं। राज्य सरकार ने मृतक आश्रित परिवारों को तुरंत 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की घोषणा की है।

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक सबसे ज्यादा गयाजी में 6 लोगों जान गई है। वहीं, पूर्वी-पश्चिमी चंपारण में भी 6 लोगों की मौत हुई है।

बीते सोमवार को देर शाम अचानक मौसम ने भयावह रूप ले लिया। आसमान काले बादलों से घिर गया। तेज आंधी और बारिश ने जमकर तबाही मचाई। राज्यभर में बिजली गिरने और पेड़ गिरने से 24 लोगों की मौत हो गई।

किस जिले में कितनी मौत
पटना जिले के बाढ़ में पेड़ और दीवार गिरने से 2 की मौत
पूर्वी चंपारण में 06 लोगों की मौत
गयाजी में 06 की मौत

औरंगाबाद में व्रजपात से 03 की मौत
रोहतास जिले में 01 की मौत
वैशाली के लालगंज में एक महिला और संदेश थाना क्षेत्र में एक युवक की मौत

सीतामढ़ी में 02 महिला की मौत
नालंदा में पेड़ टूटने से 02 की मौत।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आकाशीय बिजली व आंधी-तूफान से हुई मौत पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने मृतक आश्रित परिवारों को तुरंत 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने के निर्देश दिए।

मौसम विभाग ने अगले 48 से 72 घंटे बेहद संवेदनशील बताए हैं। मंगलवार को 18 जिलों सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका, जमुई, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, बक्सर, भोजपुर और अरवल में भारी बारिश और आकाशीय बिजली का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पटना समेत 10 जिलों में रेड अलर्ट लागू है।

इससे पहले, पटना में 39 मिलीमीटर और गया में सबसे अधिक 47 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वाल्मीकि नगर में 26.2 मिमी, मोतिहारी में 22.3 मिमी और समस्तीपुर में 19.5 मिमी, छपरा में 6.4 मिमी, डेहरी में 1.8 मिमी, बक्सर में 14.5 मिमी, समस्तीपुर के पूसा में 19.5 मिमी एवं अरवल में पांच मिमी वर्षा दर्ज की गई।

 

जिस किताब पर SC ने बैन लगाया था, क्या बदलकर उसे जारी कर रही NCERT?

सुप्रीम कोर्ट ने NCERT की कक्षा 8 की सोशल साइंस की किताब में न्यायपालिका को लेकर जोड़े गए एक विवादित चैप्टर को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। अब इस किताब को बदलाव करके फिर से जारी किया जाएगा। ANI की रिपोर्ट के अनुसार, किताब का नया संस्करण तैयार कर लिया गया है और इसे एक हफ्ते के भीतर जारी किया जा सकता है। न्यायपालिका से जुड़े विवादित चैप्टर को जोड़ने से यह किताब विवादों का केंद्र बन गई थी।

इस किताब के दूसरे भाग ‘Exploring Society: India and Beyond’ में न्यायपालिका से संबंधित एक चैप्टर शामिल किया गया था। यही चैप्टर विवाद का मुख्य कारण बना था। इस चैप्टर में न्यायपालिका में भ्रष्टाचार, मामलों का लंबा लंबित रहना और जजों की कमी जैसी समस्याओं का जिक्र किया गया था। इस चैप्टर पर आपत्ति जताते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया और पूरे देश में इस किताब के पब्लिश करने, बांटने या बेचने और डिजिटल रूप में शेयर करने पर रोक लगा दी थी।

यह भी पढ़ें: सिर पर हिजाब और चुनावी जीत, कौन हैं IUML की पहली महिला विधायक फातिमा तहलिया?

सुप्रीम कोर्ट ने क्यों लगाया था बैन?

सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में स्वत संज्ञान लिया खा। इस मामले पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि किताब में शामिल कंटेट न्यायपालिका की छवि को नुकसान पहुंचा सकता है और इससे छात्रों पर गलत प्रभाव पड़ सकता है। कोर्ट ने इसे गंभीर मामला मानते हुए सभी इस किताब की कॉपी को जब्त करने और ऑनलाइन सामग्री हटाने का आदेश दिया था। मार्केट में जा चुकी सारी कॉपी वापिस मंगवाई गई और जिन्हें खरीदा जा चुका था उन्हें भी ढूंढने का प्रयास किया गया।

NCERT ने मानी गलती

इस पूरे मामले में विवाद बढ़ने के बाद NCERT ने किताब को बाजार से वापस ले लिया था और वितरण पर रोक लगा दी थी। NCERT ने यह भी माना कि इस मामले में जजमेंट में गलती हुई है और इस कारण किताब को वापस लेने का फैसला किया गया। NCERT काउंटर से इस किताब की कुल 38 कॉपियां बेची गई थीं। कोर्ट की टिप्पणी के बाद खरीदारों को फोन करके किताब वापस करने के लिए कहा गया।

यह भी पढ़ें: दूसरों के घर बर्तन मांजती थीं, अब सीधे विधायक, कलिता माझी की कहानी पता है

जल्द मिलेगा नया संस्करण

अब NCERT ने इस किताब के विवादित हिस्सों की समीक्षा की है और नए सिरे से संशोधित संस्करण तैयार किया गया है। न्यायपालिका से जुडा चैप्टर हटाए जाने की जानकारी सामने आई है। ANI की रिपोर्ट के अनुसार, एक्सपर्ट्स की मदद से किताब के कंटेट में बदलाव किए गए हैं ताकि भविष्य में किसी तरह का विवाद न हो।इसके साथ ही रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि संशोधित किताब को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद प्रिंटिंग शुरू की जाएगी और इसे एक हफ्ते के भीतर जारी किया जा सकता है। नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बाद छात्रों को इस किताब का इंतजार था। इसलिए NCERT इसे जल्द उपलब्ध कराने की तैयारीकर रही है।

श्रावस्ती के किसान उदय राज साहू ने जीता फ्रिज:दैनिक भास्कर ऐप पर डेली खबरें पढ़ीं, क्विज में किया पार्टिसिपेट, बोले- लकी विनर बनकर खुशी हुई


श्रावस्ती के गिलौला ब्लॉक क्षेत्र के पचदेवरी गांव निवासी किसान उदय राज साहू ने दैनिक भास्कर न्यूज ऐप पर आयोजित एक क्विज में फ्रिज जीता है। मोबाइल पर क्विज खेलने के बाद उन्हें दैनिक भास्कर की ओर से विजेता घोषित किया गया, जिससे उनके परिवार में खुशी का माहौल है। उदय राज नियमित रूप से खबरें पढ़ने के शौकीन हैं और इसी रुचि के चलते उन्होंने दैनिक भास्कर ऐप डाउनलोड किया था। उदय राज के अनुसार, ऐप पर प्रतिदिन तीन सवालों का एक क्विज चलता था, जिसमें वह उत्साहपूर्वक भाग लेते थे। उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी कि वह विजेता बन सकते हैं। एक दिन अचानक दैनिक भास्कर से फोन आया और उन्हें फ्रिज जीतने की सूचना दी गई। उन्होंने बताया कि वह ऐप पर विशेष रूप से क्रिकेट से जुड़ी खबरें पढ़ते थे। इसके अलावा, उन्हें एक ही प्लेटफॉर्म पर स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें भी आसानी से मिल जाती थीं। उदय राज ने दैनिक भास्कर को एक विश्वसनीय और उत्कृष्ट समाचार प्लेटफॉर्म बताया। पेशे से किसान उदय राज साहू के परिवार में उनकी मां, पत्नी और पांच बच्चे शामिल हैं। उनके तीन बेटे और दो बेटियां हैं। इनमें से दो बेटियां और एक बेटा पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि दो बेटे अभी छोटे हैं। पिता के न होने के बावजूद उदय राज पूरे परिवार की जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभा रहे हैं। विजेता बनने के बाद उदय राज साहू ने दैनिक भास्कर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें कभी विश्वास नहीं था कि वह इस क्विज में जीत हासिल कर पाएंगे। उदय राज ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ऐसी पहल आम लोगों को खबरों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें प्रोत्साहित भी करती है।