प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों विदेश के दौरे पर हैं। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने लोकसभा क्षेत्र रायबरेली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी पर जबरदस्त हमला बोला है। महंगाई और तेल की बढ़ती कीमतों के बहाने पीएम मोदी को घेरते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कुछ महीनों में वह आकर रोएंगे और कहेंगे कि उनकी गलती नहीं है। राहुल गांधी ने कहा कि देश में आर्थिक तूफान आने वाला है, भीषण महंगाई होगी, हर चीज के दाम बढ़ेंगे और खाद की कमी हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इसमें सारी गलती प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की है।
बुधवार को रायबरेली पहुंचे राहुल गांधी ने लोधवारी क्षेत्र में वीरा पासी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर और वीरा पासी के योगदान को याद करते हुए कहा कि यह देश सबका है, किसी एक जाति या संगठन का नहीं है और यही बात देश का संविधान भी कहता है। उन्होंने आरोप लगाए कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार ने संविधान का उल्लंघन किया है।
यह भी पढ़ें: देशभर में मेडिकल शॉप बंद, दवाइयों के लिए परेशान लोग, कब मिलेंगी दवाएं?
पीएम मोदी पर क्या बोले राहुल गांधी?
तेल की कीमतों के बहाने पीएम मोदी को आड़े हाथ लेते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘नरेंद्र मोदी ने हिंदुस्तान के आर्थिक सिस्टम को बेच दिया है। उसने अदाणी को, अंबानी को और अमेरिका को हिंदुस्तान का आर्थिक सिस्टम पकड़ा दिया है। अब आर्थिक तूफान आ रहा है और नरेंद्र मोदी और हिंदुस्तान की सरकार आपको नहीं बचा पाएगी। दो-तीन महीने में आप देखेंगे कि कैसा जबरदस्त झटका लगने वाला है। आप याद रखना कि नरेंद्र मोदी आपसे कहेगा और रोएगा। जैसे कोविड के समय रोया था, जैसे नोटबंदी के समय रोया था। वैसे ही रोएगा और कहेगा कि मेरी गलती नहीं है। मैं आपको बता रहा हूं कि गलती सिर्फ नरेंद्र मोदी, अमित शाह और आरएसएस की है क्योंकि इन्होंने संविधान को खत्म किया।’
PM मोदी के विदेश दौरे पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘नरेंद्र मोदी जनता से कहते हैं कि सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, इलेक्ट्रिक गाड़ी में चलो। ये सब कहने के तुरंत बाद नरेंद्र मोदी हजारों-करोड़ के जहाज में बैठकर विदेश चले जाते हैं और जनता चुपचाप देखती रहती है जबकि देश में आर्थिक तूफान आने वाला है। भीषण महंगाई होगी, हर चीज के दाम बढ़ेंगे और खाद की कमी हो जाएगी।’
यह भी पढ़ें: केरल की सतीशन सरकार ने सिल्वर लाइन प्रोजेक्ट को रद्द क्यों कर दिया?
उन्होंने आगे कहा, ‘संविधान कहता है कि पब्लिक सेक्टर होना चाहिए, आरक्षण होना चाहिए, लोगों के साथ न्याय होना चाहिए और स्वतंत्र मीडिया होना चाहिए। ये सब नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने तबाह कर दिया। पब्लिक सेक्टर को प्राइवेटाइज कर दिया। मनरेगा को ख़त्म कर दिया, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में RSS के लोगों को बैठा दिया, जिन्हें कुछ नहीं आता। संविधान कहता है- हर नागरिक को वोट का अधिकार होना चाहिए लेकिन नरेंद्र मोदी SIR के जरिए लोगों से ये अधिकार भी छीन रहे हैं।’
संविधान पर क्या बोले राहुल?
RSS और बीजेपी पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘जब भी BJP-RSS के लोग आपके सामने आएं और नरेंद्र मोदी-अमित शाह की बात करें तो आप उनसे खुलकर कहिए। नरेंद्र मोदी-अमित शाह गद्दार हैं। BJP-RSS गद्दार हैं क्योंकि आप लोगों ने मिलकर देश को बेचने का काम किया है। BJP-RSS ने संविधान पर, वीरा पासी जी, गांधी जी और अंबेडकर जी पर हमला किया है। संविधान कोई मामूली किताब नहीं है- इसकी विचारधारा बाबा साहेब अंबेडकर जी, महात्मा गांधी जी, वीरा पासी जी के खून में थी। RSS और उसकी विचारधारा बाबा साहेब के संविधान को रौंदती है, उसके चीथड़े उड़ाती है इसलिए बहुत जरूरी है कि हम बाबा साहब की मूर्ति के सामने माथा टेकने के साथ ही उनके संविधान की रक्षा के लिए भी खड़े रहें।’












