बहराइच जिले के हरदी थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़िता का परिवार दहशत में है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पीड़िता की मां द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, यह घटना बीती रात करीब दो बजे हुई। नाबालिग लड़की घर की छत पर सो रही थी। जब वह मोबाइल चार्ज करने के लिए नीचे कमरे में आई, तो गांव निवासी एक युवक ने अपने दो अज्ञात साथियों के साथ मिलकर उसे दबोच लिया। आरोप है कि तीनों युवकों ने लड़की से छेड़छाड़ की और उसे जबरन घर से बाहर खींचने का प्रयास किया। लड़की के शोर मचाने पर घर के सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। भीड़ को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। परिजनों ने बताया कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं, जिससे परिवार दहशत में है। हरदी थाना प्रभारी आलोक सिंह ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बहराइच में नाबालिग से छेड़छाड़:परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी, मामला दर्ज कर जांच शुरू
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












