उत्तर प्रदेश ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन तहसील इकाई रुधौली की मासिक बैठक आज गुरुवार को 1:30 बजे रुधौली तहसील परिसर में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य बिंदु ग्रापए संगठन के पत्रकार मोहम्मद असलम सादा के साथ गैस एजेंसी वितरक कर्मचारियों द्वारा अभद्रता किए जाने पर न्याय हेतु सक्षम अधिकारी को शिकायती पत्र सौंप कर कार्रवाई की मांग किया जाना था।
तहसील संगठन के समस्त पदाधिकारी व सदस्य पत्रकार जनों ने पत्रकार असलम सादा के साथ अभद्रता किए जाने के संबंध में उप जिलाधिकारी रुधौली को लिखित शिकायती पत्र देकर गैस एजेंसी वितरक कर्मचारियों पर कार्यवाही करने की मांग की, साथ ही एसडीएम रुधौली को बताया गया कि अगर मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो तहसील संगठन न्याय के लिए अन्य कदम उठाने को मजबूर होगा।
आपको बता दें कि, पत्रकार असलम सादा सहारा उर्दू के जिला प्रतिनिधि व ग्रापए संगठन रुधौली के पदाधिकारी हैं। आज गुरुवार को रुधौली क्षेत्र अंतर्गत हिंदुस्तान पैट्रोलियम (एचपी) गैस के, पूनम गैस एजेंसी वितरक के गोदाम सेंटर कर्मा में अपना गैस सिलेंडर लेने गए थे।
पत्रकार ने एक सप्ताह पूर्व ही गैस की बुकिंग कर दिया था और उन्हें आज के ही दिन गैस सिलेंडर देने के लिए बुलाया गया था लेकिन जब गोदाम पर पत्रकार पहुंचे और अपने सिलेंडर की स्थिति के बारे में पूछा तो उनका हाथ पड़कर अभद्रता करते हुए उन्हें गोदाम सेंटर से बाहर कर दिया गया। यह सब तब हुआ जब वहां के गैस एजेंसी कर्मचारी को यह पता था कि वह पत्रकार हैं।
शिकायत पत्र दिए जाने के बाद वहां उपस्थित ग्रापए अध्यक्ष श्री अरुण कुमार मिश्र व संरक्षक श्री डॉ. एस.के. सिंह ने SDM को यह भी बताया कि, “पत्रकार असलम सादा जी एक दशक से भी ज्यादा समय से वरिष्ठ पत्रकार के रूप में पत्रकारिता में सेवा दे रहें हैं। कभी भी उनके व्यवहार या व्यक्तित्व पर सवाल खड़े नहीं हुए, ऐसी दशा में उनके साथ यह घटना दुःखद है। गैस एजेंसी के कर्मचारी पर कार्रवाई होनी चाहिए।”
एसडीएम रुधौली द्वारा पत्रकारों को आश्वासन दिया गया कि मामले में टीम गठित कर घटना की जांच कराई जाएगी व गैस एजेंसी के खिलाफ मिल रही उपभोक्ताओं की शिकायतों की जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर परशुराम वर्मा, मोहित गुप्ता, राजन चौधरी, शंकर यादव, रमेश चन्द्र, नीरज कुमार चौधरी, श्रवण कुमार पाण्डेय, राज आर्या मौजूद रहे।












