HomeUncategorizedअपर पुलिस अधीक्षक ने सर्राफा/पेट्रोल पंप/गैस एजेंसी/ईंट भट्ठा व अन्य व्यवसायियों के...

अपर पुलिस अधीक्षक ने सर्राफा/पेट्रोल पंप/गैस एजेंसी/ईंट भट्ठा व अन्य व्यवसायियों के साथ की मासिक गोष्ठी का आयोजन किया गया

श्रावस्ती। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम ने पुलिस कार्यालय सभागार में जनपद के प्रमुख व्यवसायियों सर्राफा/पेट्रोल पंप/गैस एजेंसी एवं ईंट भट्ठा स्वामियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था तथा उनकी समस्याओं के निराकरण के संबंध में गोष्ठी की। सर्वप्रथम अपर पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न थाना क्षेत्र से आए सभी व्यापारी बंधुओं से उनका परिचय प्राप्त कर कुशलक्षेम जाना तथा उनके क्षेत्र में आ रहीं प्रमुख समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। गोष्ठी में प्रमुख रूप से व्यापारियों द्वारा यातायात, सड़क अतिक्रमण, बस स्टैंड पर अवैध डग्गामार वाहनों, पेट्रोल पंपों पर अत्यधिक भीड़-भाड़ की स्थिति एवं स्कूल बसों के फिटनेस से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया गया।
उपरोक्त समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने भीड़-भाड़ वाले स्थानों/बाजारों/कस्बों में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अतिक्रमण विरोधी अभियान चलवाने, पेट्रोल पंपों पर भीड़ नियंत्रण हेतु आवश्यक पुलिस प्रबंधन सुनिश्चित करने तथा स्कूल बसों की नियमित फिटनेस जांच कराए जाने हेतु संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही बाजारों की सुरक्षा के लिए रात्रि में पुलिस गश्त/पिकेट बढ़ाने, बैंक/एटीएम के आस-पास संदिग्ध व्यक्ति/वाहनों की निरंतर चेकिंग करने तथा थाना/चौकियों पर व्यापारी वर्ग की समस्याओं के निराकरण हेतु नियमित मासिक गोष्ठी आयोजित किए जाने के संबंध में व्यापारी बंधुओं को आश्वस्त किया। अपर पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि पुलिस विभाग द्वारा व्यापारियों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा तथा उनके साथ सद्व्यवहार सुनिश्चित किया जाएगा। सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी सर्राफा/पेट्रोल पंप/गैस एजेंसी/ईंट भट्ठा व्यवसायियों से गार्डों/चौकीदारों का पुलिस वेरिफिकेशन कराने तथा बाल श्रम न कराने का अनुरोध किया गया। इसके अतिरिक्त किसी भी अप्रिय घटना जैसे: चोरी व लूट आदि की रोकथाम हेतु प्रत्येक व्यवसायी को ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही जन सहयोग से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के लिए सभी व्यापारी बंधुओं का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
अग्निकांड जैसी दुर्घटनाओं से बचाव हेतु संस्थानों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण लगाए जाने तथा ऑनलाइन ठगी/साइबर अपराध से बचाव के लिए ओटीपी किसी से साझा न करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने एवं बैंक विवरण सुरक्षित रखने के संबंध में भी जागरूक किया गया।इस दौरान क्षेत्राधिकारी भिनगा भरत पासवान, क्षेत्राधिकारी इकौना आलोक कुमार सिंह, सूफी सगीर अहमद, दीनानाथ गुप्ता जिला अध्यक्ष उद्योग व्यापार मंडल श्रावस्ती, राजेश कुमार रस्तोगी जिला महामंत्री उद्योग व्यापार मंडल, अन्य व्यापारी बंधु, विभिन्न थानों से आए अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments