Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती में नागपंचमी का त्योहार, बच्चों ने पीटी गुड़िया:जमुनहा के रामलीला मैदान...

श्रावस्ती में नागपंचमी का त्योहार, बच्चों ने पीटी गुड़िया:जमुनहा के रामलीला मैदान सहित कई जगह लगे मेले में दिखा उल्लास


श्रावस्ती जनपद में सोमवार को श्रावण मास शुक्ल पक्ष पंचमी के अवसर पर नागपंचमी का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान जमुनहा के रामलीला मैदान सहित जिले के विभिन्न हिस्सों में गुड़िया मेले का आयोजन किया गया, जहां बच्चों और महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। त्योहार के दिन घरों में बहनों ने नाग देवता को दूध और चना चढ़ाया। शाम को भाइयों ने रंग-बिरंगी छड़ियों से गुड़िया पीटने की परंपरा निभाई। यह परंपरा बहनों के जीवन से बुरी शक्तियों और बाधाओं को दूर करने की कामना के साथ जुड़ी है। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं ने अपने घरों के चारों ओर गोबर से सीमांकन कर नाग देवता से परिवार की रक्षा की प्रार्थना की। नागदेव को प्रसन्न करने के लिए घर के अंदर और बाहर दूध व चना चढ़ाया गया। जमुनहा के रामलीला मैदान में आयोजित गुड़िया मेले में युवतियां रंग-बिरंगे परिधानों और आभूषणों में सजकर झूलों का आनंद लेती दिखीं। नन्ही बच्चियों ने भी अपने हाथों से बनी गुड़िया बच्चों के सामने फेंककर भाइयों पर आने वाले बुरे साये को दूर करने की कामना की। बच्चों ने गुड़िया पीटकर अपनी बहनों के जीवन में आने वाली बाधाओं को अपने बाहुबल से दूर करने का विश्वास दिलाया। यह त्योहार पारंपरिक रीति-रिवाजों और लोक संस्कृति का अनूठा संगम प्रस्तुत करता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular