सिद्धार्थनगर में भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लोटन पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से 75 लीटर डीजल और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बरामद सामान को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग को सौंप दिया गया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 26 जून 2026 को अपराध एवं तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष लोटन हरिओम कुशवाहा के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने सीमा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। चिउरहिया गांव के पास हुई गिरफ्तारी चेकिंग के दौरान भारत-नेपाल सीमा पर स्थित चिउरहिया गांव के पगडंडी मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति को मोटरसाइकिल के साथ रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से दो गैलनों में कुल 75 लीटर डीजल बरामद हुआ। इनमें एक गैलन में 25 लीटर और दूसरे में 50 लीटर डीजल भरा हुआ था। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नेपाल के रूपनदेही जनपद के मधुबनिया थाना क्षेत्र के पिपरहवा निवासी संतोष साहनी (28) पुत्र अनिरुद्ध के रूप में हुई है। बरामद डीजल और मोटरसाइकिल को सीमा शुल्क अधिनियम की धारा-11 के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय ककरहवा भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा, उपनिरीक्षक राहुल गुप्ता, कांस्टेबल बलराम यादव, विजय यादव तथा एसएसबी बीओपी हरिवंशपुर के सहायक उपनिरीक्षक विजय कुमार, कांस्टेबल दीपनारायन शर्मा और आकाश कुमार शामिल रहे। पुलिस ने कहा कि सीमा पार तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
75 लीटर डीजल के साथ नेपाली तस्कर गिरफ्तार:भारत-नेपाल सीमा पर लोटन पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई, बाइक भी बरामद
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












