Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)धूप-बारिश की कमी से सूख रही धान की नर्सरी:किसानों की चिंता बढ़ी,...

धूप-बारिश की कमी से सूख रही धान की नर्सरी:किसानों की चिंता बढ़ी, धान को रोपाई पर संकट


भारतभारी क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी एवं बारिश के अभाव ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। समय पर वर्षा न होने के कारण धान की नर्सरी सूखने लगी है, जिससे किसानों में चिंता व्याप्त है। खेतों में जगह-जगह दरारें पड़ने लगी हैं और नर्सरी का विकास बाधित हो रहा है। इन दिनों बादलों की आवाजाही देख कर किसानों ने अच्छी वर्षा की उम्मीद की थी। इसी आशा में कई किसानों ने अपने खेतों में धान की नर्सरी खेतों में डाल दी। हालांकि, जून का आधा माह बीत जाने के बाद भी बारिश न होने और तेज धूप के कारण नर्सरी को पर्याप्त नमी नहीं मिल पा रही है। धान की नर्सरी को बचाने के लिए कई किसानों ने पंपिंग सेट के माध्यम से खेतों में पानी भरने का प्रयास किया है। इसके बावजूद, बढ़ती गर्मी और तेज धूप के कारण खेतों की जमीन में दरारें पड़ रही हैं। जिन किसानों के पास सिंचाई के पर्याप्त साधन नहीं हैं, उनकी चिंता विशेष रूप से बढ़ गई है। किसान प्रेम कुमार, संतोष कुमार, अरशद अली, विवेक कुमार, राज कुमार और रामजी सहित कई किसानों ने बताया कि बारिश के अभाव में धान की नर्सरी सूख रही है। नहरों में पानी की कमी है और तालाब व गड्ढे भी सूख चुके हैं, जिससे सिंचाई की व्यवस्था करना मुश्किल हो गया है। किसानों का यह भी कहना है कि यदि जल्द अच्छी बारिश नहीं हुई तो धान की रोपाई पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा, जिससे इस वर्ष उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, मौसम में बदलाव के साथ आने वाले दिनों में मानसून के सक्रिय होने की संभावना है। यदि जल्द अच्छी बारिश होती है, तो धान की नर्सरी को राहत मिलेगी और किसानों की चिंता कम हो सकेगी। फिलहाल, किसान आसमान की ओर देख रहे हैं और बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments