Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)मोहर्रम के लिए पीस कमेटी की बैठक:इकौना थाने में आयोजित, शांतिपूर्ण पर्व...

मोहर्रम के लिए पीस कमेटी की बैठक:इकौना थाने में आयोजित, शांतिपूर्ण पर्व पर जोर


श्रावस्ती के इकौना थाने में बुधवार शाम को आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। उपजिलाधिकारी पीयूष जायसवाल ने बैठक की अध्यक्षता की, जबकि क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। प्रभारी निरीक्षक परमानंद तिवारी ने बैठक का संचालन किया। बैठक में मोहर्रम कमेटी के पदाधिकारी, ताजियादार, ग्राम प्रधान और विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उपजिलाधिकारी पीयूष जायसवाल ने ताजिया जुलूस मार्ग, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा संबंधी समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित विभागों को समय पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। जायसवाल ने श्रावस्ती की पहचान आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब बताते हुए सभी से पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस वर्ष भी खांवापोखर स्थित कर्बला में ताजियों का दफन किया जाएगा। मोहर्रम के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार सिंह ने चेतावनी दी कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जनता से किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी कहा कि इकौना क्षेत्र में सभी त्योहार हमेशा आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ मनाए जाते रहे हैं। पांच पीरान जामा मस्जिद के सदर अजीज अहमद और सभासद एहसान चौधरी ने भी बैठक को संबोधित किया। उन्होंने मोहर्रम सहित सभी धार्मिक पर्वों पर सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। बैठक के अंत में प्रभारी निरीक्षक परमानंद तिवारी ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सत्य प्रकाश गुप्ता, सतीश जायसवाल, धर्मेंद्र यादव, हामिद अली मंसूरी, सोम शर्मा, रिजवान अहमद, इस्लाम अली, जालिम खान सहित बड़ी संख्या में ताजियादार और सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments