रिपोर्ट:विनय कुमार गुप्त।
नौतनवां (महराजगंज): विकास खंड नौतनवां के अंतर्गत बरगदवा टोला बरैठवा में बनी आरसीसी (RCC) सड़क इस समय राहगीरों और ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। बरगदवा से निकलकर बरैठवा ग्राम सभा को जोड़ते हुए मोहनापुर मुख्य मार्ग में मिलने वाली इस सड़क पर जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से हर समय जलजमाव की स्थिति बनी रहती है।
निकासी ठप, राहगीरों का चलना हुआ दुश्वार
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान तकनीकी मानकों की घोर अनदेखी की गई है। सड़क के दोनों तरफ नाली का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन सड़क की सतह नीची और नाली का स्तर ऊंचा होने के कारण घरों और बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो रहा है। इसके कारण मुख्य मार्ग से जुड़ने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क पर पैदल चलना भी दूभर हो गया है।
आइये जानते क्या बोले जिम्मेदार
> “आरसीसी सड़क की सतह के अनुसार अगर नाली का निर्माण कराया जाता, तो आगे चलकर पूरे गांव के पानी की निकासी बाधित हो जाती। ऐसे में आगे ढाल न होने के कारण यह हमारी मजबूरी है कि यहां पानी जमा हो रहा है।”
> — इंद्रिश, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि इस तकनीकी खामी को दूर कर जल निकासी का कोई स्थाई समाधान निकाला जाए, जिससे राहगीरों को इस नारकीय स्थिति से मुक्ति मिल सके।













