Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती के शिवालयों में उमड़ा आस्था का जन सैलाब:सावन के दूसरे सोमवार...

श्रावस्ती के शिवालयों में उमड़ा आस्था का जन सैलाब:सावन के दूसरे सोमवार पर विभूतिनाथ मंदिर में सुबह से जलाभिषेक, सुरक्षा मुस्तैद


श्रावस्ती: जनपद में सावन के दूसरे सोमवार को प्रमुख शिवालयों में आस्था का जन सैलाब उमड़ पड़ा। पांडवकालीन बाबा विभूतिनाथ मंदिर में सोमवार तड़के करीब तीन बजे से जलाभिषेक शुरू हुआ।दरअसल पड़ोसी राष्ट्र नेपाल समेत आसपास के कई जिलों से पहुंचे कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने बाबा विभूतिनाथ का जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर दिन भर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गूंजता रहेगा । जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु रविवार से ही सीताद्वार स्थित सीता सरोवर और जंगलदास कुट्टी जैसे विभिन्न स्थानों से पवित्र जल लेकर कई किलोमीटर यात्रा कर पैदल मंदिर पहुंचने लगे थे। देर रात 12 से एक बजे के बीच बड़ी संख्या में शिवभक्त मंदिर परिसर में एकत्रित हो गए और कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करने लगे। तड़के जलाभिषेक शुरू होते ही श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से बाबा का अभिषेक किया, जो देर शाम तक जारी रहने की संभावना है। गिलौला क्षेत्र स्थित बाबा झारखंडीनाथ मंदिर में भी सुबह करीब चार बजे से जलाभिषेक प्रारंभ हो गया। यहां भी आसपास के गांवों के साथ-साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। जिले के अन्य शिवालयों में भी सुबह से ही भक्तों की भीड़ देखी गई और ‘बोल बम’ तथा ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंजते रहे। पंडित सुधाकर शर्मा ने कहा कि सावन में लोगों की मान्यता है कि यदि भगवान शिव को जल चढ़ाया जाए तो सारे कष्ट स्वतः दूर हो जाते हैं. देर शाम तक करीब लाखों की संख्या में शिव भक्त जलाभिषेक करेंगे। सावन सोमवार को उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। विभूतिनाथ मंदिर क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है। मंदिर और आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त, सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी श्रद्धालुओं के बीच रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रख रहे हैं। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। भीड़ बढ़ने की स्थिति में बैरिकेडिंग, यातायात और पार्किंग व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments