श्रावस्ती पुलिस की 50 हजार रुपए के इनामी अपराधी को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। यह अपराधी हत्या और लूट समेत 12 गंभीर मामलों में आरोपी था। पुलिस के अनुसार, 5 मई 2026 की रात करीब 10:03 बजे थाना हरदत्त नगर गिरन्ट की पुलिस टीम देवरनिया पुल के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक वांछित इनामी बदमाश इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही अभियुक्त दौलत अली पुत्र मंसूर अली, निवासी नया भदौरा दाखिला मीरा मऊ भागने लगा और पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्त थाना हरदत्त नगर गिरन्ट में दर्ज हत्या और लूट के एक मामले में वांछित था। उसके खिलाफ जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 12 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें कई गंभीर अपराध शामिल हैं। घायल अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए सीएचसी मल्हीपुर भेजा गया है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट टीम ने पहुंचकर साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
50 हजार का इनामी पुलिस मुठभेड़ में घायल:श्रावस्ती पुलिस ने दबोचा, तमंचा और कारतूस बरामद
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












