बहराइच जिले में पंचायत विकास मंच के बैनर तले प्रधानों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर पंचायत चुनाव का कार्यकाल बढ़ाने और मनरेगा के तहत किए गए कार्यों का बकाया भुगतान कराने की मांग उठाई है। यह ज्ञापन नवाबगंज, मिहिपुरवा और रिसिया विकास खंडों के प्रधानों ने खंड विकास अधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया। प्रधानों ने मांग की है कि यदि समय पर पंचायत चुनाव नहीं कराए जा सकते हैं, तो वर्तमान प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त किया जाए। साथ ही उन्होंने कार्यकाल समाप्त होने से पहले मनरेगा के अंतर्गत कराए गए कार्यों का लंबित भुगतान सुनिश्चित करने की अपील की है। ज्ञापन में कहा गया है कि मनरेगा अधिनियम 2005 के तहत कराए गए कार्यों का भुगतान लंबे समय से अटका हुआ है। श्रमांश और सामग्री मद में करोड़ों रुपये बकाया हैं, जिससे प्रधानों पर आपूर्तिकर्ता फर्मों का दबाव लगातार बढ़ रहा है और आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। प्रधानों ने बताया कि उनका कार्यकाल 26 मई 2026 को समाप्त हो रहा है। यदि इससे पहले भुगतान नहीं हुआ, तो प्रधानों और संबंधित फर्मों के सामने गंभीर वित्तीय संकट खड़ा हो सकता है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रदेश की पंचायतों का कार्यकाल 26 मई 2026 और 19 जुलाई 2026 को समाप्त होना है। मौजूदा परिस्थितियों में समय पर चुनाव कराना चुनौतीपूर्ण प्रतीत हो रहा है। इसके पीछे मतदाता सूची पुनरीक्षण में देरी, समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन न होना और आरक्षण के लिए आवश्यक ‘ट्रिपल टेस्ट’ प्रक्रिया का अधूरा रहना प्रमुख कारण बताए गए हैं। पंचायत विकास मंच ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि स्थानीय निकायों में आरक्षण लागू करने के लिए ‘ट्रिपल टेस्ट’ जरूरी है और निर्वाचित संस्थाओं के स्थान पर प्रशासकों की नियुक्ति केवल अस्थायी स्थिति में ही उचित मानी जाती है। संगठन ने सरकार से मांग की है कि यदि समय पर पंचायत चुनाव संभव नहीं हो, तो वर्तमान प्रतिनिधियों का कार्यकाल बढ़ाया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि बाहरी प्रशासकों की नियुक्ति लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में संयोजक सूरज शुक्ला, डॉ. श्याम चौधरी, प्रधान संघ अध्यक्ष भगवान दिन मिश्रा, राम सुन्दर पांडे, सूर्य प्रकाश सिंह (बुल्लू सिंह), मंगल दास, विजय शुक्ल, राम छबीले निषाद, राम कोमल निषाद, गुलाम वारिश, नवाबगंज ब्लॉक अध्यक्ष आनंद पाठक, मिहिपुरवा के अजय कुमार वर्मा और रिसिया के संजय तिवारी सहित कई अन्य प्रधान शामिल रहे।
बहराइच में प्रधानों ने कार्यकाल बढ़ाने की मांग की:चुनाव में देरी पर प्रशासक बनाने, मनरेगा भुगतान की मांग
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












