HomeHealth & Fitnessमहाराष्ट्र के सोलापुर जिले में हादसे पर राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने जताया...

महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में हादसे पर राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने जताया शोक

नई दिल्ली । महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में हुए सड़क हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने शोक व्यक्त किया है। दोनों ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने संदेश में कहा कि महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में वाहन दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से इस कठिन समय में उन्हें संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। राष्ट्रपति ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की।

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि सोलापुर जिले में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत बेहद दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उपराष्ट्रपति ने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा देश पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।

उल्लेखनीय है कि सोलापुर जिले के मालशिरस तालुका में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया था। पंढरपुर जा रहे श्रद्धालुओं से भरा एक मिनी पिकअप टेम्पो म्हसवड-पंढरपुर मार्ग पर तांदुलवाड़ी गांव के समीप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक गहरे कुएं में जा गिरा। दुर्घटना के समय वाहन में करीब 14 श्रद्धालु सवार थे।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों, पुलिस और राहत-बचाव दल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। हालांकि कुएं में गिरने के कारण कई लोग पानी में फंस गए। दुर्घटना में दम घुटने और डूबने से आठ श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायलों को उपचार के लिए निकटवर्ती अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments