#बस्ती_न्यूज
बस्ती में सड़क निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाले तारकोल (बिटुमिन) की कीमतों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। इससे परेशान ठेकेदारों ने शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग (PWD) के मुख्य अभियंता आनंद कुमार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बढ़ती कीमतों के कारण सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों के गंभीर रूप से प्रभावित होने की जानकारी दी। बस्ती ठेकेदार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजमोहन सिंह और महामंत्री राजमणि सिंह ने बताया कि अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे वैश्विक तनाव के कारण बिटुमिन के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इससे निर्माण लागत में अचानक वृद्धि हुई है, जिससे अनुबंधित दरों पर काम कर रहे ठेकेदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ठेकेदारों ने बताया कि उन्हें विभागीय स्तर पर यह जानकारी मिली है कि 1 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 तक बढ़ी हुई दरों का भुगतान किया जाएगा। हालांकि, इस संबंध में अब तक कोई लिखित आदेश ठेकेदारों को उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिससे अनिश्चितता बनी हुई है। एसोसिएशन ने छोटे अनुबंधित ठेकेदारों की समस्या पर भी प्रकाश डाला, जिनका कार्यक्षेत्र एक किलोमीटर या उससे कम है। उन्हें तारकोल की सीआरसी प्राप्त करने में काफी कठिनाई हो रही है। ठेकेदारों ने मांग की कि लोक निर्माण विभाग अपने स्टोर को फिर से सक्रिय करे और फ्री ऑफ कॉस्ट तारकोल उपलब्ध कराए, जिसकी कटौती बाद में अनुबंधित दरों से की जाए, ताकि विकास कार्य बाधित न हों। मुख्य अभियंता आनंद कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि ठेकेदारों की समस्याओं का नियमानुसार समाधान कराया जाएगा। इस दौरान जर्नादन पाठक, शिवेन्द्र प्रताप सिंह, रामफेर यादव, आशीष सिंह ‘आशू’, विजय यादव, रविन्द्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में ठेकेदार मौजूद रहे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
तारकोल की कीमत बढ़ी, ठेकेदार परेशान:बस्ती में चीफ इंजीनियर को PWD कांट्रैक्टर्स ने ज्ञापन देकर मांगी राहत
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












