HomeHealth & Fitnessकॉमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने से टेंट-कैटरिंग कारोबारियों की मुसीबतें बढ़ीं

कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने से टेंट-कैटरिंग कारोबारियों की मुसीबतें बढ़ीं

लखनऊ। कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में लगातार बढ़ोतरी ने टेंट, कैटरिंग और डेकोरेशन कारोबार से जुड़े व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उत्तर प्रदेश टेंट कैटरर्स एंड डेकोरेटर वेलफेयर एसोसिएशन ने सरकार के खिलाफ 15 मई को पूरे प्रदेश में जिलाधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजने का ऐलान किया है।

सर्वोदय नगर स्थित विंध्यवासिनी होटल में आयोजित बैठक में व्यापारियों ने कहा कि सिर्फ 15 दिनों के भीतर कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम दो बार बढ़ाए गए। पहले करीब 350 रुपए और फिर लगभग 973 रुपए की बढ़ोतरी ने कारोबार का पूरा गणित बिगाड़ दिया है। बुकिंग पहले ली गई थीं, अब सहालग में दाम बढ़ने से गणित बिगड़ गया है।  बैठक में व्यापारियों ने कहा कि कॉमर्शियल सिलेंडर पर इतनी बड़ी बढ़ोतरी पहले कभी नहीं हुई। इसका सीधा असर शादी-विवाह, भोज और सामाजिक आयोजनों पर पड़ रहा है। 

कारोबारियों का कहना है कि वे पहले से तय रेट पर बुकिंग लेते हैं, लेकिन अचानक बढ़ी लागत की वजह से अब भारी आर्थिक दबाव झेलना पड़ रहा है। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि देश में जब भी कोई संकट आया, व्यापारी हमेशा सरकार के साथ खड़ा रहा। चाहे कोरोना काल हो या कोई और आपदा, व्यापारियों ने हर समय सहयोग किया। लेकिन अब व्यापारियों को भी सम्मान और राहत मिलनी चाहिए।

 प्रदेश उपाध्यक्ष शशिकांत शुक्ला ने कहा कि टेंट और कैटरिंग कारोबार सीधे सामाजिक आयोजनों से जुड़ा है। शादी समारोहों में भोजन व्यवस्था से लेकर तमाम जिम्मेदारियां इन्हीं कारोबारियों पर होती हैं। एसोसिएशन के नगर महामंत्री ऋत्विक जायसवाल ने आरोप लगाया कि बढ़ी कीमतों के बीच कालाबाजारी भी तेज हो गई है। उन्होंने कहा कि 3200 रुपए तक पहुंच चुके सिलेंडर खुले बाजार में और महंगे दामों पर बेचे जा रहे हैं। इससे छोटे कारोबारियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। 

बैठक में व्यापारियों ने सिर्फ गैस सिलेंडर ही नहीं, बल्कि टेंट कारोबारियों की गाड़ियों पर लगने वाली नो एंट्री और ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया। व्यापारियों का कहना है कि शादी-विवाह के दौरान रात में टेंट और कैटरिंग की गाड़ियां चलती हैं, लेकिन पुलिस रोककर उत्पीड़न करती है। व्यापारियों ने सरकार से मांग की कि टेंट कारोबारियों के लिए स्थायी समाधान निकाला जाए ताकि उन्हें बार-बार कार्रवाई और जुर्माने का सामना न करना पड़े। 

बैठक में तय किया गया कि 15 मई को प्रदेश के सभी जिलों में संगठन के पदाधिकारी जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजेंगे। इसमें कमर्शियल गैस सिलेंडर के बढ़े दाम वापस लेने और टेंट कारोबारियों को राहत देने की मांग की जाएगी। बैठक में प्रदेश चेयरमैन पवन तलवार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उदय बलोत्रा, प्रदेश सचिव विनोद शुक्ला, नगर अध्यक्ष कीर्ति चौधरी समेत प्रदेशभर से आए करीब 50 व्यापारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments