Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)30 से 15 मीटर पुलिया की लंबाई करने पर विरोध:शिवपुर में पुरानी...

30 से 15 मीटर पुलिया की लंबाई करने पर विरोध:शिवपुर में पुरानी सरिया लगाने का आरोप, ठेकेदार बोला- मानक के हिसाब से काम कराया जाएगा


बहराइच के शिवपुर विकासखंड में एक निर्माणाधीन पुलिया की कम लंबाई और पुरानी सरिया के इस्तेमाल को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने पुलिया की लंबाई बढ़ाने और पुरानी सरिया का उपयोग बंद करने की मांग की है। यह पुलिया पिपरिया ग्राम पंचायत के चमारनपुरवा से नबाबबांग्ला, डल्लापुरवा, गिरदा, पाठकपुरवा, अरनवा और चौकसाहार को जोड़ने वाले मार्ग पर बन रही है। ग्रामीणों ने पुलिया की लंबाई कम होने और घटिया सामग्री, विशेषकर पुरानी सरिया के उपयोग पर आपत्ति जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह क्षेत्र जिला मुख्यालय से दूर और बाढ़ प्रभावित है। पहले यहां 30 मीटर लंबी पुलिया थी, जिसे तोड़कर अब केवल 15 मीटर लंबी पुलिया बनाई जा रही है। उनका कहना है कि जब 30 मीटर की पुलिया बाढ़ में नहीं टिक पाई, तो 15 मीटर की पुलिया कैसे टिकेगी। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पुरानी पुलिया से निकली ईंटें ठेकेदार विनोद कुमार ने 2500 रुपए प्रति हजार की दर बेची। साथ ही, पुरानी पुलिया से निकाली गई सरिया का ही नई पुलिया के निर्माण में इस्तेमाल किया जा रहा है। इस मामले में ठेकेदार विनोद कुमार ने बताया कि इंजीनियर की ओर से नाले को देखकर ही खाका तैयार किया गया है और पुलिया अच्छी बनाई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिया कि सामग्री में हुई किसी भी अनदेखी को हटाकर मानक के अनुसार सामग्री लगाई जाएगी। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने चेतावनी दी है, कि उनकी मांगों को शासन-प्रशासन की ओर से अनसुना किया गया, तो वे इससे भी बड़ा आंदोलन करेंगे। यह मार्ग रोजाना करीब 4 हजार राहगीरों की ओर से उपयोग किया जाता है और कई ग्राम पंचायतों को जोड़ता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments