HomeUncategorizedजनप्रतिनिधि,जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जिले के 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को...

जनप्रतिनिधि,जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जिले के 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को चेक, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

मेहनत से बढ़कर सफलता का कोई सूत्र नहीं है-जिलाधिकारी

श्रावस्ती। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षा-2026 में उत्तीर्ण हुए जनपद के मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए ’’मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह’’ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया। इस सम्मान समारोह में हाईस्कूल के 11 और इंटरमीडिएट के 10 छात्र-छात्राओं को परीक्षाओं में प्रथम स्थान पाने पर सम्मानित किया गया। इस दौरान मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत दद्दन मिश्रा, विधायक श्रावस्ती रामफेरन पाण्डेय, मा0 जिलाध्यक्ष डा0 मिश्रीलाल वर्मा, जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग एवं मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद ने हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट के कुल 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को परीक्षाओं में प्रथम स्थान पाने पर सम्मानित किया। जिसमें हाईस्कूल के क्रमशः नौशाद, सचिन शुक्ला, अमर प्रकाश, रोशनी वर्मा, लकी, आयुष्मान पटेल, दिव्यांशी गुप्ता, कमल तिवारी, आदित्य पाठक, शची शर्मा, दामिनी वर्मा एवं इण्टरमीडिएट में क्रमशः मुस्कान यादव, खुशी श्रीवास्तव, सविता यादव, सुशील मिश्र, आँचल मौर्या, नेहा सिंह यादव, अंशिका, अंशिका यादव, आभा ज्योति, सौरभ प्रथम स्थान पर रहे, जिन्हें प्रति छात्र 21-21 हजार रूपये का चेक, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस दौरान मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत ने अपने सम्बोधन में कहा कि देश एवं प्रदेश सरकार युवाओं के उज्वल भविष्य हेतु प्रतिबद्ध है। उनकी बेहतर शिक्षा के लिए सरकार द्वारा अनेक योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। जिसके तहत आज युवाओं को सम्मानित किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि युवाओं का तकनीकी सामर्थ्य प्रदेश को तरक्की व खुशहाली के रास्ते पर ले जायेगा। उन्होने कहा कि छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा हेतु अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त कर एवं लैपटॉप व स्मार्टफोन देकर वैश्विक प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाया जा रहा है।
मा0 जिलाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा से ही सफलता की उंचाईयों को प्राप्त किया जा सकता है। इसलिए सभी छात्र-छात्राएं मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने मुकाम को हासिल करें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि मेहनत से बढ़कर सफलता का कोई सूत्र नहीं है। उन्होने कहा कि दृढ़ इच्छा शक्ति एवं कड़ी मेहनत से ही मुकाम हासिल होता है। ज्ञानवान होने के साथ संस्कार वान होना भी आवश्यक है। उन्होंने सभी मेधावियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उनके कठिन परिश्रम की सराहना भी की। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि आत्मविश्वास ही इंसान की वह शक्ति है, जिससे हर असंभव कार्य को संभव बनाया जा सकता है। इसलिए हमेशा अपने लक्ष्य को लेकर सकारात्मक रहें और अपनी तैयारी में कोई कमी ना छोड़ें।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार सिंह, आशुतोष पाण्डेय, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि गिलौला प्रकाश चन्द्र, विनय कुमार तिवारी सहित अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहें।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments