नगराम लखनऊ। नगराम रोड स्थित पकरा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास सड़क हादसे में एक वृद्ध महिला और दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार मारुति ईको कार ने उनकी निजी गाड़ी को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, गोसाईगंज के अनैया खरगापुर निवासी सृजन द्विवेदी, उनकी माता कृष्ण कुमारी और भतीजा अमन कुमार अपनी बड़ी बहन के यहां हैदरगढ़ जा रहे थे।
उनकी निजी गाड़ी (यूपी 32 एनजे 3475) जब नगराम रोड स्थित पकरा तिराहा के पास थी, तभी सर्विस रोड से आ रही एक मारुति ईको कार (यूपी 32 क्यूसी 5210) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि सृजन द्विवेदी, कृष्ण कुमारी और अमन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ईको कार का चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), गोसाईगंज ले जाया गया।सीएचसी गोसाईगंज में प्राथमिक उपचार के बाद, उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ के ट्रामा सेंटर, पीजीआई रेफर कर दिया। जहां उनका इलाज जारी है। इस संबंध में शशि देवी पत्नी अनिल कुमार द्विवेदी ने गोसाईगंज कोतवाली में अज्ञात ईको चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।












