सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र में रात के समय हो रही मिट्टी ढुलाई से सड़क क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आया है। बरगदवा गांव में बजहां से बरगदी चौराहा जाने वाले मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास सड़क दो जगह टूट गई, वहीं पास स्थित एक पोल्ट्री फार्म का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। बरगदवा निवासी शहूर ने बताया कि रातभर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मिट्टी की ढुलाई की गई। आरोप है कि खेत से मिट्टी निकालकर सड़क पर चढ़ाई गई, जिससे पोल्ट्री फार्म से सटी सड़क टूट गई और फार्म का कुछ हिस्सा भी ढह गया। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में दिन-रात अवैध मिट्टी खनन और ढुलाई का कार्य जारी है। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ समय पहले मिट्टी लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर शादी समारोह के टेंट में घुस गई थी, जिससे दो जनरेटर समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए थे। हालांकि उस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई थी और बाद में मामला आपसी समझौते से शांत हो गया। कपिलवस्तु कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मानसिंह यादव ने कहा कि मिट्टी खुदाई के मामलों में पुलिस की सीधी भूमिका नहीं होती। वहीं तहसीलदार शोहरतगढ़ प्रकाश सिंह यादव ने बताया कि रात में मिट्टी खुदाई और ढुलाई की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि सड़क क्षतिग्रस्त होने के मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। राहगीरों कादिर, दिव्या, रमजान, संतोष, जवाहिर और लौटान प्रसाद ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि रात में तेज रफ्तार मिट्टी ढुलाई से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
शोहरतगढ़ में रातभर मिट्टी ढुलाई से टूटी सड़क:पोल्ट्री फार्म क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में आक्रोश
RELATED ARTICLES












