लखनऊ। यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत दिनांक 20 मई 2026 को टाउन हॉल एजुकेशनल सोसाइटी में सड़क सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम यातायात उपायुक्त महोदया के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में टीआई अलीगंज शैलेश पाण्डेय मौजूद रहे, जबकि मुख्य प्रशिक्षक के रूप में हीरो मोटोकॉर्प ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क से सुमित मिश्रा ने छात्रों को सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को रोड मार्किंग, ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े नियमों तथा हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही प्रोजेक्टर के माध्यम से सड़क सुरक्षा से संबंधित वीडियो दिखाकर छात्रों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
यह कार्यशाला सीनियर वर्ग के छात्रों के लिए अलग-अलग सत्रों में आयोजित की गई, जिसमें लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। छात्रों ने भी सड़क सुरक्षा से जुड़े विषयों में रुचि दिखाते हुए कई सवाल पूछे और जानकारी प्राप्त की।कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य जे. के. साहू ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यशाला का समापन किया।











