Homeदेश (National)जिस ट्रेन में सफर कर रहे थे मोहन भागवत, उस पर हुआ...

जिस ट्रेन में सफर कर रहे थे मोहन भागवत, उस पर हुआ पथराव, बाल-बाल बचे RSS प्रमुख

उत्तर प्रदेश में ट्रेन पर पथराव का एक और मामला सामने आया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यूपी के फिरोजाबाद जिले में गुरुवार देर शाम लखनऊ-नई दिल्ली स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस पर कुछ अज्ञात लोगों ने ताबड़तोड़ पथराव कर दिया। जांच के दौरान सामने आया कि इस ट्रेन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत भी सवार थे। पथरबाजी में ट्रेन के जिस कोच को नुकसान पहुंचा मोहन भागवत उसी कोच में सवार थे। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार शाम 7 बजकर 15 मिनट से 20 मिनट के बीच की है। पुलिस ने बताया कि इस घटना में संघ प्रमुख को कोई भी नुकसान नहीं हुआ है। वह पूरी तरह से सुरक्षित हैं और इसके साथ ही अन्य लोग भी सुरक्षित हैं। किसी भी यात्री को चोट नहीं लगी है। हालांकि, उत्तर प्रदेश पुलिस और रेलवे पुलिस अब इस मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: आज का मौसम: मोबाइल पर बजा था आंधी-तूफान का अलर्ट, दिल्ली, UP में कब होगी बारिश?

बाल-बाल बचे मोहन भागवत

मोहन भागवत कानपुर में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दिल्ली जा रहे थे। इसी दौरान उनके कोच पर पथराव हुआ। नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया है कि मोहन भागवत E1 कोच में सीट नंबर 39, 40 पर सवार थे। पत्थर सीट नंबर 50 पर लगा। पत्थर बाहरी ग्लास पर लगा, जिससे किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ। इसके बाद एस्कॉर्ट कराकर ट्रेन को दिल्ली रवाना किया गया।

सुरक्षा कर्मियों में मचा हड़कंप

पुलिस ने बताया कि मक्खनपुर और फिरोजाबाद रेलवे स्टेशनों के बीच कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने ट्रेन को निशाना बनाया। यह मामला सामने आते ही रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया क्योंकि इसी ट्रेन में संघ प्रमुख थे। पत्थर सीधे उसी बोगी पर लगे थे, जिसमें संघ प्रमुख मौजूद थे। इस घटना के बाद टूंडला जंक्शन के प्लेटफॉर्म पर ट्रेन को रोका गया और सुरक्षा कड़ी कर दी गई। सुरक्षा के कड़े प्रोटोकॉल और स्टेशन पर भीड़भाड़ को देखते हुए संघ प्रमुख मोहन भागवत को ट्रेन से नीचे नहीं उतारा गया। अधिकारियों ने अंदर जाकर ही उनसे मुलाकात की। इसके बाद ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना किया गया।

यह भी पढ़ें: हाजीपुर: लेखपाल के ठिकानों पर EOU की रेड, थार-जेवर समेत करोड़ों की संपत्ति बरामद

पुलिस ने क्या बताया?

इस घटना की जानकारी मीडिया के साथ शेयर करते हुए डीएसपी आदित्य लांघ ने संघ प्रमुख के ट्रेन में सवार होने की बात की पुष्टि की। आदित्य लांघ ने कहा, ‘लगभग 7:15 बजे, साउथ और रसूलपुर पुलिस स्टेशन के इलाकों की सीमा के पास सूचना मिली कि पत्थर फेंकने से ट्रेन की खिड़की का शीशा टूट गया है। किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और ट्रेन सुरक्षित अपनी मंजिल तक पहुंच गई। हम अभी सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं।’

उन्होंने आगे बताया कि उन्होंने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और पुलिस टीमों की पूछताछ पूरी होने के बाद सीसीटीवी फुटेज से जुड़ी जरूरी जानकारी शेयर की जाएगी। मीडिया ने जब उनसे पूछा गया कि क्या संघ प्रमुख मोहन भागवत सच में ट्रेन में थे, तो उन्होंने कहा, ‘हां, इस बात की पुष्टि हो गई है। मामले को बहुत गंभीरता से लिया जा रहा है और हम निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करेंगे।’ उन्होंने कहा कि इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।


RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments