श्रीदत्तगंज क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की किल्लत की आशंका के चलते बुधवार को पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। महदेइया बाजार और शुक्लागंज बाजार सहित आसपास के पंपों पर सुबह से ही ईंधन भरवाने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। इस स्थिति से आवागमन और दैनिक कार्य प्रभावित हुए। स्थानीय लोगों ने समय पर ईंधन न मिलने से दिनचर्या बाधित होने की शिकायत की। गेहूं की फसल की कटाई और मड़ाई का समय नजदीक होने के कारण किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। किल्लत की आशंका के चलते लोग अपने वाहनों की टंकियां फुल कराने के साथ-साथ गैलन और डिब्बों में भी डीजल का भंडारण करने लगे, जिससे पंपों पर भीड़ और बढ़ गई। पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार, अफवाहों के कारण सामान्य से अधिक मात्रा में ईंधन की मांग हो रही है, जिससे आपूर्ति बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो रहा है। प्रशासन ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा है कि जनपद में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार, आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल और रिलायंस सहित सभी तेल कंपनियों के सेल्स अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है। प्रशासन ने बताया कि अफवाहों के कारण कुछ लोग अनावश्यक रूप से गैलन और डिब्बों में पेट्रोल-डीजल लेने के लिए पंपों पर पहुंच रहे हैं, जिससे अस्थायी रूप से भीड़ हो रही है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सभी 88 पेट्रोल पंप संचालकों को गैलन या डिब्बों में ईंधन बिक्री न करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, बिना हेलमेट दोपहिया चालकों को पेट्रोल न देने के भी निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने जनसामान्य से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही अपने वाहनों में ईंधन भरवाएं, ताकि सभी को सुचारू रूप से सुविधा मिल सके।
पेट्रोल-डीजल किल्लत की अफवाह: पंपों पर उमड़ी भीड़:प्रशासन ने कहा- आपूर्ति सामान्य, अफवाहों पर ध्यान न दें
RELATED ARTICLES












