HomeHealth & Fitnessसहसवान की होनहार बेटी ज़ायनाह आतिफ ने बढ़ाया क्षेत्र का मान

सहसवान की होनहार बेटी ज़ायनाह आतिफ ने बढ़ाया क्षेत्र का मान

बदायूं। प्रतिभा, मेहनत और लगन जब एक साथ मिलती हैं तो सफलता स्वयं कदम चूमती है। इस बात को सच साबित कर दिखाया है सहसवान की होनहार छात्रा एवं वरिष्ठ पत्रकार आतिफ निसार की पुत्री ज़ायनाह आतिफ ने। अपनी शानदार शैक्षणिक उपलब्धियों से ज़ायनाह ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे सहसवान और जनपद बदायूं का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता पर उन्हें सम्मानित भी किया गया।

ज़ायनाह आतिफ ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता हासिल की। उन्होंने विज्ञान एवं अंग्रेजी विषय में शत-प्रतिशत (100-100) अंक, जबकि गणित में 98 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। इस उपलब्धि ने उन्हें विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों की अग्रिम पंक्ति में स्थान दिलाया। बोर्ड परीक्षा की सफलता के बाद ज़ायनाह ने प्रतियोगी परीक्षाओं में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया की कक्षा-11 प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया 104वीं रैंक प्राप्त की। वहीं अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की कक्षा-11 प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया छठी रैंक हासिल कर एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम दर्ज कराई।

ज़ायनाह की प्रतिभा बचपन से ही दिखाई देती रही है। इससे पहले भी उन्होंने एएमयू की कक्षा-6 प्रवेश परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी असाधारण क्षमता का परिचय दिया था। लगातार मिल रही इन सफलताओं ने यह सिद्ध कर दिया है कि मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर हर ऊँचाई को छुआ जा सकता है। अपनी इस सफलता का श्रेय ज़ायनाह ने अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन, प्रेरणा और निरंतर सहयोग के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। उन्होंने आगे भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश और समाज का नाम रोशन करने का संकल्प व्यक्त किया। ज़ायनाह आतिफ की इस शानदार सफलता से पूरे सहसवान में खुशी का माहौल है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments