Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)फूलपुर राजा में जल निकासी की गंभीर समस्या:बिस्कोहर के भगत सिंह नगर...

फूलपुर राजा में जल निकासी की गंभीर समस्या:बिस्कोहर के भगत सिंह नगर में कीचड़ भरे पानी से आवागमन बाधित


नगर पंचायत बिस्कोहर के वार्ड नंबर 11 भगत सिंह नगर, फूलपुर राजा के निवासी गंभीर जलजमाव की समस्या से जूझ रहे हैं। सड़कों पर पानी भरने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। वार्ड में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह समस्या बरसात के दिनों में और गंभीर हो जाती है, लेकिन सामान्य दिनों में भी जलजमाव बना रहता है। कीचड़ युक्त पानी से अजीब दुर्गंध आ रही है, जिससे जल जनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। नाराज महिलाओं ने नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों पर क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पंचायत अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधि कभी भी क्षेत्र की समस्याओं को देखने नहीं पहुंचे, और न ही किसी अधिकारी या कर्मचारी ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। इस मामले पर नगर पंचायत बिस्कोहर के अधिशासी अधिकारी अखिलेश दीक्षित ने बताया कि उन्हें अभी तक इस समस्या की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराकर जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा। फिलहाल, कुलदीप, महेश कुमार, नीरज, संगीता, मनगाठू, विमला, सुरेश और अनिल सहित अन्य मुहल्ला वासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से इस गंभीर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular