तिकुनियां-खीरी,24 जून(तरुणमित्र)। महाराजा अग्रसेन खेल मैदान पर चल रही तिकुनियां प्रीमियर लीग नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार रात खेले गए दो रोमांचक मुकाबलों में शिव नील स्ट्राइकर और अमीरखापुरवा की टीमों ने जीत दर्ज कर अगले दौर की ओर कदम बढ़ाया।
पहले मुकाबले में शिव नील स्ट्राइकर का सामना तिकुनियां वॉरियर्स से हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी तिकुनियां वॉरियर्स की टीम शिव नील स्ट्राइकर के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह संघर्ष करती नजर आई। टीम का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका और पूरी टीम मात्र 31 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
शिव नील स्ट्राइकर की ओर से सीटू 4 विकेट और सरगम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी शिव नील स्ट्राइकर की टीम ने संयमित खेल का प्रदर्शन करते हुए मात्र एक विकेट के नुकसान पर 37 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
दूसरे मुकाबले में निघासन और अमीरखापुरवा की टीमें आमने-सामने रहीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निघासन की टीम निर्धारित ओवरों में 50रन का स्कोर ही खड़ा कर सकी। टीम की ओर से विश्वास ने सर्वाधिक 19 रन बनाए। अमीरखापुरवा की तरफ से साद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो महत्वपूर्ण विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमीरखापुरवा की टीम ने संतुलित बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए चार विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला जीत लिया। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए साद को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
प्रतियोगिता में रोजाना रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं, जिससे क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है। आयोजकों ने दर्शकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
पहले मैच के मुख्य अतिथि धीरज मित्तल और सुदर्शन जैन एवं दूसरे मैच के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान सफीक अहमद उर्फ भल्लू रहे |












