श्रावस्ती जिले की सिरसिया थाना पुलिस ने दहेज हत्या के एक मामले में छह माह से वांछित चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार, यह मामला 30 दिसंबर 2025 का है। उस दिन एक महिला ने सिरसिया थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि आपसी विवाद के दौरान विपक्षी पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उपचार के दौरान महिला की मृत्यु हो जाने के बाद, मुकदमे में दहेज हत्या और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गईं। पुलिस तभी से आरोपियों की तलाश कर रही थी। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी इरशाद पुत्र लिल्लाही और लिल्लाही पुत्र जुमई को उनके निवास स्थान से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध और दहेज उत्पीड़न के मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी अभियान में थाना सिरसिया के थानाध्यक्ष सौरभ सिंह, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल अजय कुमार सिंह और हेड कांस्टेबल सत्यानंद यादव शामिल रहे। पुलिस टीम की सक्रियता से दोनों वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी।
दहेज हत्या मामले में सिरसिया पुलिस का बड़ा एक्शन,:छह माह बाद दो आरोपी गिरफ्तार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












