श्रावस्ती।।श्रीमती मीनू चौधरी, भा.पु.से., महानिरीक्षक, सीमांत मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल, लखनऊ ने दिनांक 28 एवं 29 जुलाई 2026 को दो दिवसीय औपचारिक भ्रमण के दौरान 42वीं वाहिनी एवं 59वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, नानपारा, जनपद बहराइच का निरीक्षण किया। उनके आगमन पर वी. विक्रमण, क्षेत्रक मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल, लखीमपुर खीरी तथा कैलाश चन्द्र रमोला, कमांडेंट, 59वीं वाहिनी, नानपारा द्वारा उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर विशेष गार्ड द्वारा उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ प्रदान कर सम्मानित किया गया।
भ्रमण के प्रथम दिवस महोदया ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सीमा प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, जनहित कार्यक्रमों तथा वाहिनी की विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सीमा चौकी रुपईडीहा तथा एकीकृत जांच चौकी (आईसीपी) रुपईडीहा का निरीक्षण कर वहां की सतर्कता व्यवस्था, आवागमन नियंत्रण, समन्वय प्रणाली तथा कस्टम से संबंधित आयात-निर्यात प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान कस्टम अधिकारियों द्वारा उन्हें संपूर्ण प्रक्रिया एवं कस्टम हाउस एजेंट (CHA) की भूमिका से अवगत कराया गया। महोदया ने उपलब्ध संसाधनों एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
महोदया ने सीमा क्षेत्र में तैनात जवानों से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने जवानों को अनुशासन, सतर्कता एवं मानवीय दृष्टिकोण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया। भ्रमण के द्वितीय दिवस दिनांक 29.07.2026 को महोदया ने 42वीं एवं 59वीं वाहिनी के अधिकारियों से भेंट की। इसके उपरांत 42वीं वाहिनी मुख्यालय में पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से वाहिनी की गतिविधियों, उपलब्धियों तथा सीमा सुरक्षा संबंधी कार्यों की जानकारी महोदया को प्रदान की गई। भ्रमण कार्यक्रम संपन्न होने के उपरांत महोदया दिनांक 29 जुलाई 2026 को 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, भींगा के लिए प्रस्थान कर गईं।












