Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती में SSB ने लगाया मेडिकल कैंप:60 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया,...

श्रावस्ती में SSB ने लगाया मेडिकल कैंप:60 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, निःशुल्क दवाइयां बांटी गईं


श्रावस्ती के सीमावर्ती क्षेत्र सोनपुर गांव में भारत नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी जवानों द्वारा एक मेडिकल सिविक एक्शन (एमसीए) शिविर का आयोजन किया गया। एसएसबी जवानों ने शनिवार को 4:00 से 5:00 बजे के बीच बताया कि कमांडेंट अमरेंद्र कुमार वरुण के निर्देशन में डी समवाय, सुईया ने इस शिविर का आयोजन किया, जिससे बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिला। शिविर में सहायक कमांडेंट चिकित्सा डॉ. दीपक ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की। कुल 60 ग्रामीणों का ओपीडी के तहत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के बाद उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श, उपचार और निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
चिकित्सीय सेवाओं के साथ-साथ एसएसबी जवानों और चिकित्सकीय टीम ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्हें व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, स्वच्छ पेयजल के उपयोग और मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
मेडिकल कैंप के सफल संचालन में एएसआई/फार्मेसी आलोक यादव सहित सशस्त्र सीमा बल के छह अन्य कार्मिकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस शिविर से ग्रामीणों को उनके घर के नजदीक ही स्वास्थ्य जांच, चिकित्सीय सलाह और दवाइयां उपलब्ध हो सकीं, जिसकी ग्रामीणों ने सराहना की। इस पहल से ग्रामीणों और सशस्त्र सीमा बल के बीच विश्वास एवं सहयोग की भावना मजबूत हुई। 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल समय-समय पर सीमावर्ती गांवों में ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करती है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं के प्रति जागरूक करना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। सुरक्षा के साथ सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने की दिशा में एसएसबी का यह प्रयास ग्रामीणों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular