मोतीपुर थाना क्षेत्र में नानपारा-लखीमपुर हाईवे पर सोमवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया था। वहां से एक छात्र को गंभीर हालत में लखनऊ भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मिहींपुरवा नगर पंचायत निवासी अर्पित (19), अंशु (17) पुत्र अजय और आयुष (17) पुत्र रामचंद्र संत पीटर स्कूल नानपारा से पढ़ाई कर बाइक से वापस मिहींपुरवा लौट रहे थे। दोपहर करीब एक बजे मोदी पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्विफ्ट कार से भिड़ गई। इसी दौरान पीछे से आ रही छात्रों की बाइक भी हादसे की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों छात्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान आयुष की हालत लगातार बिगड़ती गई। डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना की खबर मिलते ही मृतक और घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया। इलाके में शोक का माहौल है।
मोतीपुर में कारों की टक्कर में बाइक चपेट में आई:छात्र की मौत, दो अन्य की हालत गंभीर; नानपारा-लखीमपुर हाईवे पर हादसा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












