#बस्ती_न्यूज
बस्ती के कप्तानगंज विकास खंड क्षेत्र में मंगलवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली और किसानों के चेहरे खिल उठे। हालांकि, इसी के साथ चली तेज आंधी ने कई स्थानों पर भारी नुकसान पहुंचाया। ग्राम पंचायत बरहटा के मीता सोती गांव के पास पिपरौल घाट पर तेज आंधी से दो दुकानें पूरी तरह ध्वस्त हो गईं। मीता सोती निवासी रामसुमेर की छप्पर से बनी अंडे की दुकान और काउंटर ढह गया। इसी के बगल में नारायणपुर निवासी बलवंत गौड़ पुत्र रमेश का ऑनलाइन सेंटर भी आंधी की भेंट चढ़ गया, जिसमें रखा प्रिंटर और अन्य आवश्यक सामान क्षतिग्रस्त हो गया। इस संबंध में राजस्व निरीक्षक ने बताया कि वे मौके पर पहुंचकर मुआयना करेंगे और नुकसान का आकलन तैयार करेंगे। वहीं, ग्राम पंचायत मैडैवा स्थित काली जी मंदिर परिसर में लगे महुआ और नीम के दो पेड़ तेज हवा में टूट कर गिर गए, जिससे मंदिर परिसर क्षतिग्रस्त हो गया। इसी गांव में रामसुमेर के घर पर भी पेड़ गिरने से गेहूं समेत अन्य अनाज को नुकसान पहुंचा। उनकी बुलेट और प्लेटिना गाड़ियां भी टूट गईं। इसके अलावा, उदयराज पुत्र रामफेर का सरकारी आवास योजना के तहत बना घर भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिसकी छत पूरी तरह टूट गई। इससे यह परिवार बरसात के मौसम में बेघर जैसी स्थिति में आ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत और मुआवजा देने की मांग की है। कानूनगो तिलकपुर रविंद्र प्रसाद ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी है। उन्होंने लेखपाल को जल्द ही नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जिस छप्पर पर पेड़ गिरा था, उसी में रामसुमेर सो रहे थे, गनीमत रही कि उन्हें कोई चोट नहीं आई।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
कप्तानगंज में अचानक बदला मौसम, आंधी से भारी नुकसान:बस्ती में दुकानें, मंदिर और घर क्षतिग्रस्त; किसानों को राहत
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












