श्रावस्ती किसान सहकारी चीनी मिल, नानपारा में आयोजित तीन दिवसीय कृषक जागरूकता शिविर का समापन हो गया है। इस शिविर का उद्देश्य गन्ना उत्पादक किसानों और उनके परिवारों को केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न बीमा, पेंशन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना था। समापन समारोह में इंडियन बैंक के प्रतिनिधि राधे श्याम ने किसानों को जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित कृषकों से इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। इफको के प्रतिनिधि सर्वेश कुमार द्विवेदी और जीतन सिंह ने किसानों को गन्ना फसल में कीटनाशकों और उर्वरकों के संतुलित उपयोग के बारे में बताया। श्रावस्ती किसान सहकारी चीनी मिल के मुख्य गन्ना अधिकारी दिवाकर सिंह ने उन्नतशील अगेती गन्ना प्रजातियों के बीज, उनकी वैज्ञानिक बुवाई और आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग से होने वाले लाभों पर प्रकाश डाला। कृषक गोष्ठी और जागरूकता शिविर के समापन अवसर पर भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष सुखविंदर सिंह, चीनी मिल के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में गन्ना किसान उपस्थित रहे।
नानपारा में चीनी मिल तीन दिवसीय शिविर का समापन:प्रदेश-केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं पर हुई चर्चा
RELATED ARTICLES












