Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती के इकौना में पेड़ गिरने से किशोर घायल:गंभीर हालत में बहराइच...

श्रावस्ती के इकौना में पेड़ गिरने से किशोर घायल:गंभीर हालत में बहराइच ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया


श्रावस्ती के इकौना ब्लॉक कार्यालय परिसर में बुधवार दोपहर तेज आंधी के कारण एक बड़ा पेड़ गिर गया। इसकी चपेट में आने से खेल रहा एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इकौना ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बहराइच के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल किशोर की पहचान कस्बा इकौना के मोहल्ला गौतम नगर स्थित काशीराम आवास निवासी 13 वर्षीय अमृतलाल के रूप में हुई है। वह नीलम कुमारी और अनोखी लाल का पुत्र है। घटना के समय अमृतलाल अन्य बच्चों के साथ विकास खंड कार्यालय परिसर में खेल रहा था, तभी अचानक पेड़ गिर गया और उसका बायां पैर गंभीर रूप से चोटिल हो गया। मौके पर मौजूद उदय प्रताप मिश्रा और समाजसेवी नारायण जी ने तत्परता दिखाते हुए घायल किशोर को निजी वाहन से सीएचसी इकौना पहुंचाया। परिजनों और रिश्तेदारों को भी घटना की सूचना दी गई। चिकित्सकों ने अमृतलाल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे तत्काल ट्रॉमा सेंटर बहराइच रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, घायल किशोर के पिता करीब 10 वर्ष पहले बीरपुर में वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे, लेकिन तब से लापता हैं। इसके बाद से उसकी मां नीलम कुमारी घरों में मजदूरी करके अमृतलाल का पालन-पोषण कर रही हैं। इसी आंधी के कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना परिसर में लगा एक अन्य पेड़ भी सरकारी आवास पर गिर गया। इस घटना में एक विद्युत पोल भी टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। आंधी और पेड़ गिरने की इन घटनाओं के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments