#बस्ती_न्यूज
बस्ती के हर्रैया क्षेत्र स्थित बसेवाराय के अटल आवासीय विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील कुमार त्यागी का अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है। महानिदेशक अटल आवासीय विद्यालय, पूजा अग्रवाल ने जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर यह आदेश जारी किया। हालांकि, हटाए गए प्रधानाचार्य ने इस कार्रवाई को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए उप श्रमायुक्त पर नियम विरुद्ध छात्र प्रवेश के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री को संतकबीरनगर दौरे के दौरान प्रधानाचार्य के अभद्र व्यवहार, प्रशासनिक शिथिलता और विद्यालय में अनुशासनहीनता की शिकायतें मिली थीं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों ने ये शिकायतें की थीं। मंत्री के निर्देश पर बस्ती मंडल के तीन जिलों के अधिकारियों की चार सदस्यीय संयुक्त जांच समिति गठित की गई, जिसकी अध्यक्षता उप श्रमायुक्त बस्ती मंडल ने की। जांच के दौरान छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों, अभिभावकों, मेस व फैसिलिटी मैनेजमेंट कर्मियों सहित अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए गए। समिति की रिपोर्ट के आधार पर प्रधानाचार्य का अनुबंध समाप्त कर दिया गया। आदेश के बाद, सुशील कुमार त्यागी ने विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी को कार्यभार सौंप दिया और अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) भी उपलब्ध करा दिया। वहीं, सुशील कुमार त्यागी ने अपने शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उप श्रमायुक्त ने दो माह से एक अभ्यर्थी का नियम विरुद्ध कक्षा छह में प्रवेश कराने का दबाव बनाया था। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी की मेरिट कम होने के कारण उन्होंने प्रवेश देने से इनकार कर दिया था। त्यागी के अनुसार, इसी वजह से उनके खिलाफ तथ्यहीन आरोप लगाकर उनका अनुबंध समाप्त कराया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि वह नवोदय विद्यालय समिति से उपायुक्त पद से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं और 35 वर्षों तक उत्कृष्ट सेवाएं दे चुके हैं। दूसरी ओर, उप श्रमायुक्त रचना केसरवानी ने प्रधानाचार्य के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी छात्र के प्रवेश की सिफारिश नहीं की थी। केसरवानी ने कहा कि विभागीय मंत्री के निर्देश पर निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट महानिदेशक को भेजी गई थी, जिसके आधार पर अनुबंध समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
अटल आवासीय विद्यालय के प्रधानाचार्य का अनुबंध समाप्त:बस्ती में जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई, प्राचार्य ने लगाए गंभीर आरोप
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












