अपराध की दुनिया का बड़ा नाम कलामुद्दीन उर्फ कलुआ चढ़ा बरगदवा पुलिस के हत्थे
कुशीनगर और महराजगंज में हत्या, आर्म्स एक्ट, गोवध व एनडीपीएस समेत दर्ज हैं 7 संगीन मामले
रिपोर्ट:विनय कुमार गुप्त।
महराजगंज (ब्यूरो)। कुशीनगर और महराजगंज पुलिस के लिए लंबे समय से चुनौती बना २५ हजार रुपये का इनामी बदमाश कलामुद्दीन उर्फ कलुआ आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गया। बरगदवा थाना पुलिस ने शनिवार की भोर में भारत-नेपाल सीमा से सटे चकरार गांव के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। शातिर अपराधी नेपाल भागकर वहां शरण लेने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।

२० जनवरी की घटना के बाद से चल रहा था फरार
प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार राय ने बताया कि बीते २० जनवरी को बरगदवा क्षेत्र के सेमरहना गांव के पास पशु तस्कर एक पिकअप में आठ गोवंशीय पशुओं को क्रूरतापूर्वक लादकर भाग रहे थे। तेज रफ्तार के कारण तस्करों का वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया था, जिसमें चार गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए थे। जांच के दौरान कुशीनगर जिले के हनुमानगंज थानांतर्गत दरगौली निवासी कलामुद्दीन उर्फ कलुआ का नाम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया था। पुलिस तभी से उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी और उस पर २५ हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
शनिवार तड़के पुलिस को सटीक सूचना मिली कि इनामी बदमाश कलामुद्दीन चकरार गांव के रास्ते नेपाल सीमा पार करने की कोशिश में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और सीमा से चंद कदमों की दूरी पर आरोपी को दबोच लिया।
दोनों जनपदों में फैला है अपराध का संजाल
गिरफ्तार अभियुक्त कलामुद्दीन के खिलाफ कुशीनगर और महराजगंज के विभिन्न थानों में हत्या, आर्म्स एक्ट और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे सात गंभीर मुकदमे पंजीकृत हैं।
दर्ज मुकदमों का विवरण:
*मु.अ.सं. 0452/2021:* धारा 302, 201 (हत्या व साक्ष्य मिटाना) – थाना पडरौना, कुशीनगर
*मु.अ.सं. 0184/2022:* एनडीपीएस एक्ट (नशीले पदार्थों की तस्करी) – थाना हनुमानगंज, कुशीनगर।
**मु.अ.सं. 161/2023* :पशु क्रूरता अधिनियम – थाना कोतवाली, महराजगंज
*मु.अ.सं. 0162/2023:* आर्म्स एक्ट (अवैध असलहा) – थाना कोतवाली, महराजगंज
*मु.अ.सं. 0068/2026:* धारा 115 (2), 351 (3), 352 बी.एन.एस. – थाना हनुमानगंज, कुशीनगर
*मु.अ.सं. 0006/2026:* गोवध निवारण अधिनियम – थाना बरगदवा, महराजगंज।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी पर कुल सात मामले दर्ज हैं।)
सफलता पाने वाली टीम
इस बड़ी कामयाबी को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार राय, उपनिरीक्षक शिक्षितानंद, उपनिरीक्षक ओमप्रकाश यादव, कांस्टेबल राहुल कुमार और कांस्टेबल गौरव सोनकर शामिल रहे। एसपी ने पूरी टीम की पीठ थपथपाई है।












