उतरौला (बलरामपुर)। कोतवाली उतरौला क्षेत्र के ग्राम पंचायत तिलखी बढ़या में रविवार दोपहर अज्ञात कारणों से लगी आग ने तांडव मचा दिया। आग की चपेट में आकर देवेन्द्र कुमार मिश्रा और राघवेन्द्र मिश्रा का करीब चार एकड़ में फैला फलों से लदा आम का बाग जलकर राख हो गया। लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लाखों का नुकसान हुआ है।
दवा छिड़काव के बाद हुआ हादसा: किसान देवेन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया कि कुछ दिन पहले ही बाग में अच्छी फसल के लिए दवा का छिड़काव कराया था। लेकिन अचानक आग लगने से पूरी मेहनत पर पानी फिर गया और आर्थिक स्थिति बिगड़ गई। देखते ही देखते पूरा बाग जल गया।
सूचना पर पहुंचे हल्का लेखपाल हेमंत जायसवाल ने क्षति का आकलन शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि अग्निकांड में हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर तहसील को भेजी जाएगी। ग्रामीणों के अनुसार आग ने सैकड़ों एकड़ में फैले गनियारी क्षेत्र को भी चपेट में लिया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली और काबू से बाहर हो गई।












