HomeHealth & Fitnessअधिवक्ता पर चाकू से हमला, 21,800 रुपये लूटकर फरार हुए बदमाश

अधिवक्ता पर चाकू से हमला, 21,800 रुपये लूटकर फरार हुए बदमाश

लखनऊ सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में कार से घर लौट रहे एक अधिवक्ता पर चार बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने उनसे 21,800 रुपए लूट लिए और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ डकैती समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 
अंबेडकरनगर के आलापुर निवासी अधिवक्ता सचिन कुमार मौजूदा समय में इंदिरानगर के जरहरा क्षेत्र में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 27 मई की रात करीब 9:30 बजे वह पीजीआई से शहीद पथ के रास्ते अपने घर लौट रहे थे। पुलिस मुख्यालय के पास पहुंचते ही दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। सचिन के मुताबिक, वह कुछ समझ पाते उससे पहले ही बदमाशों ने उन्हें कार से बाहर खींच लिया और चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद कार में रखे 21,800 रुपए लूट लिया। शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकले।
 
घटना के बाद सहमे अधिवक्ता ने अगले दिन सुशांत गोल्फ सिटी थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि जांच में मामला सही पाए जाने पर चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
 
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments