डुमरियागंज विकास खंड अंतर्गत भलुवाही गांव के पास संपर्क मार्ग पर एक बड़ा गड्ढा राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया है। सड़क किनारे बना यह गड्ढा लगातार गहरा होता जा रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने संबंधित विभाग से इसकी तत्काल मरम्मत की मांग की है। जानकारी के अनुसार, भलुवाही गांव के पास नहर से गांव को जोड़ने वाली सड़क के किनारे कुछ समय पहले भूमि धंसने से यह गड्ढा बना था। ग्रामीणों की शिकायत के बाद इसे मिट्टी से भरने का प्रयास किया गया था। हालांकि, लगातार बारिश और जलभराव के कारण मिट्टी फिर से धंस गई, जिससे सड़क किनारे एक बड़ा और खतरनाक गड्ढा बन गया है। अब्दुल बारिज हेरंभनाथ, अब्दुल कलाम, मो. सलमान ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते गड्ढे की मरम्मत नहीं की गई, तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से तत्काल संज्ञान लेकर सड़क की मरम्मत कराने और सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की है, ताकि राहगीरों का आवागमन सुरक्षित हो सके और दुर्घटनाओं को रोका जा सके। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह मार्ग गांव के निवासियों, किसानों और छात्रों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन इस रास्ते से गुजरते हैं। गड्ढे के कारण वाहन चालकों को अत्यधिक सावधानी बरतनी पड़ती है। रात के समय या बारिश के दौरान यह खतरा और बढ़ जाता है, क्योंकि गड्ढा स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देता। ग्राम प्रधान भलुवाही अरविंद कुमार मिश्र ने बताया कि गड्ढे को पूर्व में भरवाया गया था, लेकिन विगत दिनों हुए बारिश के कारण मिट्टी धंसने से समस्या फिर से खड़ी हो गई। उन्होंने संबंधित विभाग को इस स्थिति से अवगत करा दिया है और स्थायी समाधान की मांग की है।
मार्ग पर बना गड्ढा राहगीरों के लिए बना मुसीबत:राहगीरों और ग्रामीणों ने की तत्काल मरम्मत की मांग
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












